राजस्थान में स्वाइन फ्लू ने एक बार फिर से अपने पैर पसार लिए हैं और 16 दिनों के भीतर 5 मौतें रिपोर्ट हुई हैं। ताजा मामला कोटा से रिपोर्ट हुआ है, जहां स्वाइन फ्लू से ये दूसरी मौत है। बारां जिला निवासी 12 वर्षीया किशोरी का कोटा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जिसकी गुरूवार को मौत हो गई। इससे पूर्व जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव एक महिला ने दम तोड़ दिया था।
स्वाइन फ्लू से जोधपुर से भी एक मौत की खबर गुरुवार को ही आई है, लेकिन सोजत की रहने वाली 45 वर्षीय भीखी देवी की मौत 12 मार्च को ही हो गई थी। स्वाइन फ्लू से इस मौत के बारे में अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थय अधिकारी को 4 दिन बाद पता चला है। अब मेडिकल कॉलेज पर यह आरोप है कि उन्होनें स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीज की मौत से जुड़ी जानकारी छुपाई है। अब तक स्वाइन फ्लू से जोधपुर और कोटा में दो-दो और अजमेर में एक मौत रिपोर्ट हुई है।