जोधपुर में अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम की ओर से शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को भदवासिया मंडी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान विरोध और हंगामे की स्थिति बन गई। एक बुजुर्ग ने विरोध स्वरूप अपने ऊपर ऑयल उड़ेल लिया, जबकि एक युवक ने निगम कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर कार्रवाई का विरोध किया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब दो बजे नगर निगम की टीम भदवासिया मंडी में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान टीम ने एक युवक के चाय के केबिन को हटाने की कार्रवाई शुरू की। इससे नाराज युवक ने निगम कर्मचारियों के साथ बहस और धक्का-मुक्की की। मामला बढ़ने पर वह जेसीबी मशीन पर चढ़ गया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। बाद में निगम अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने समझाइश कर उसे नीचे उतारा।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: एक साथ गूंजी 4 किलकारियां! महिला ने दिया तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म, डॉक्टर भी रह गए हैरान
इसी दौरान भदवासिया मंडी मोड़ स्थित रामदेव रेस्टोरेंट के बाहर लगे तीन शेड हटाने की कार्रवाई के समय भी विवाद हो गया। होटल संचालक, जो कि बुजुर्ग हैं, ने निगम अधिकारियों से कहा कि यदि उनका अतिक्रमण हटाया जा रहा है तो आसपास के अन्य अतिक्रमणों पर भी समान कार्रवाई की जाए। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस के बाद बुजुर्ग होटल के अंदर गए और ऑयल से भरी बोतल लेकर बाहर आए। उन्होंने विरोध जताते हुए अपने ऊपर ऑयल उड़ेल लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। निगम अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें शांत कराया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। इस दौरान गुस्से में बुजुर्ग ने होटल का कांच का गेट भी तोड़ दिया।
घटना के दौरान पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू की गई। घटना के कई वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।