जिले की मलसीसर तहसील की टमकोर ग्राम पंचायत का पटवारी ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड की गठरी लिए चार्ज देने के लिए भटक रहा है लेकिन एक भी पटवारी चार्ज लेने को तैयार नहीं है। ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड की गठरी लेकर पटवारी ने गिरदावर व तहसीलदार के पास भी गुहार लगाई लेकिन उन्होंने भी जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया।
जिला परिषद सदस्य गोकुलचंद को इसकी वजह बताया जा रहा है। पटवारी होशियार सिंह ने बताया कि 20 फरवरी को मेरा स्थानांतरण पटवार मंडल, नयासर तहसील झुंझुनू कर दिया गया था। तहसीलदार के आदेश निकालने के बाद भी मौजूद 24 पटवारियों में से एक भी चार्ज लेने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि जिला परिषद सदस्य गोकुलचंद की राजनीति में बड़ी अप्रोच है और वे सभी अधिकारी-कर्मचारियों की बेवजह शिकायत करते रहते हैं। इसके डर से कोई भी पटवारी बार-बार निवेदन करने पर भी चार्ज नहीं ले रहा है।
पटवारी ने गिरदावर, तहसीलदार से भी चार्ज दिलवाने के लिए निवेदन किया लेकिन उन्होंने भी असमर्थता जाहिर कर दी। अब पटवारी होशियार सिंह ने जिला कलेक्टर से मिलकर समस्या के बारे में अवगत कराने का विचार किया है।