झुंझुनू जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत कल पहली बार प्रभारी मंत्री बनने के बाद झुंझुनू के दौरे पर आए थे और उनका पहला ही दौर बवाल की भेंट चढ़ गया, नवलगढ़ क्षेत्र के विधायक विक्रमसिंह जाखल और एक अन्य व्यक्ति का किसी बात को लेकर कुछ विवाद हो गया। इसके बाद विधायक ने आव देखा ना ताव और उस व्यक्ति का गिरेबां पकड़कर दनादन थप्पड़ बरसा दिए।
झुंझुनू जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत प्रभारी मंत्री बनने के बाद कल पहली बार यहां के दौरे पर आए थे और उनका पहला ही दौर बवाल की भेंट चढ़ गया। दरअसल झुंझुनू शहर के एक निजी रेस्टोरेंट में प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत का कार्यक्रम था, इसी दौरान नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रम सिंह जाखल और एक व्यक्ति का किसी बात को लेकर कुछ विवाद हुआ और उसके बाद नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल ने उस व्यक्ति का गिरेबां पकड़ लिया, वहीं मौजूद एक अन्य सफेदपोश व्यक्ति ने उसके ऊपर दनादन तमाचे बरसा दिए। अब विवाद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी अधिकृत जानकारी अब तक नहीं आ पाई है लेकिन इस वीडियो में दिखाई दे रहे नेताओं से बात करने पर पता चला है कि वह व्यक्ति नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल की जेब में हाथ डालने का प्रयास कर रहा था, जिसके चलते यह पूरा वाकया हुआ।
इस मामले को लेकर जब कोतवाली थाना अधिकारी पवन कुमार चौबे से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि ऐसा हमारे पास कोई मामला नहीं आया है। वहीं जिले के प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में घटित हुआ यह घटनाक्रम आखिर क्यों हुआ इसका खुलासा तो पीड़ित ही कर सकता है लेकिन इतना जरूर है कि यदि वह वास्तव में जेबकतरा था तो विधायक को उसका गिरेबां पकड़ने की जरूरत क्यों पड़ी? उसे सीधे पुलिस के हवाले किया जा सकता था।