दो महिला पंचायत सदस्यों का अपहरण
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के झुंझुनू की चिड़ावा पंचायत समिति की प्रधान इंदिरा डूडी के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को झटका लगा है। इस मामले में बड़ा खेला होने की तैयारी हो गई है। अविश्वास प्रस्ताव की अगुवाई कर रहे पंचायत समिति सदस्य रोहिताश्व धांगड़ के खिलाफ दो महिला सदस्यों के पतियों ने अपने-अपने इलाके के थानों में उनकी पत्नियों का अपहरण करने का केस दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक चिड़ावा पंचायत समिति के वार्ड नंबर पांच से निर्दलीय सदस्य सुधा देवी के पति खुडाना निवासी जगदीप कटेवा ने बगड़ थाने में और वार्ड नंबर 17 से भाजपा सदस्य शीला के पति किशोरपुरा निवासी राजेश डारा ने सुलताना थाने में रोहिताश्व धांगड़ के खिलाफ रिपोर्ट दी है। दोनों ने अपनी अपनी रिपोर्ट में बताया है कि छह जुलाई को एक बैठक होने की बात कहकर रोहिताश्व धांगड़ उनकी पत्नियों को घर से ले गया था। जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटी हैं और न ही उनसे बातचीत हो पा रही है। रोहिताश्व धांगड़ ने दोनों का अपहरण कर उन्हें बंधक बना लिया है।
एसपी राजर्षि राज वर्मा ने कहा है कि परिवाद मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि 18 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक होनी है, जिसमें अभी भी एक हफ्ते का समय है। यदि, अविश्वास प्रस्ताव के लिए की गई बाड़ेबंदी में मौजूद सदस्य बाहर आते हैं तो अविश्वास प्रस्ताव का मामला खटाई में पड़ सकता है। हालांकि, चिड़ावा प्रधान की कुर्सी रहती है या नहीं यह 18 जुलाई को ही पता चलेगा।