रोडवेज यात्रियों को दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। अब वापस रोडवेज बसों में फर्स्ट एड बॉक्स लगाए जाएंगे। इस संबंध में रोडवेज मुख्यालय से आदेश जारी किया गया है, जिसमें सभी डिपो मुख्य प्रबंधक को फर्स्ट एड बॉक्स की व्यवस्था को शुरू करने के निर्देश मिले हैं।
झुंझुनूं डिपो की बात करें तो यहां अधिकतर बसों में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं है, जिसमें थे वह भी खराब हो चुके हैं। झुंझुनूं डिपो में कुल 78 बसे हैं, जिसमें करीब 11 अनुबंधित बसें हैं। इसमें अधिकतर बसों में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं है, जिन बसों में फर्स्ट एड बॉक्स लगे हैं। उनमें फर्स्ट एड के लिए चिकित्सा सामग्री उपलब्ध नहीं है।
ऐसे में रोडवेज बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने पर घायल यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार नहीं मिल पा रहा था। राजस्थान रोडवेज ने अनुबंधित बसों में भी फर्स्ट एड बॉक्स लगाने के निर्देश जारी किए हैं, लेकिन इन बसों में फर्स्ट एड बॉक्स लगाने की व्यवस्था बस मालिक को ही करनी होगी। झुंझुनूं रोडवेज डिपो के मुख्य प्रबंधक राकेश गढ़वाल ने बताया कि आगे से सभी बसों में फर्स्ट एड बॉक्स लगाने के आदेश मिले हैं।