जिले के बिसाऊ में नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष सलमा के विजय जुलूस के दौरान बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब जुलूस में शामिल एक गाड़ी पर पत्थर फेंककर उसका शीशा तोड़ दिया गया। अचानक हुई घटना से जुलूस में शामिल लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर बिसाऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष सलमा का विजय जुलूस वार्ड नंबर एक से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी से चल रहे विवाद के कारण एक युवक ने जुलूस में शामिल गाड़ी पर पत्थर फेंक दिया, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई और जुलूस में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बिसाऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत होने के बाद जुलूस को आगे रवाना किया गया।
ये भी पढ़ेंं: जयपुर: पंचायत चुनाव से पहले नितिन नवीन का राजस्थान दौरा, 25 सितंबर को जयपुर आएंगे, दादिया में बड़ा कार्यक्रम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गाड़ी पर पत्थर फेंकने की घटना के पीछे पड़ोसियों के बीच पहले से चल रहा विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। बिसाऊ थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों को समझाइश कर मामला शांत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में रिपोर्ट प्राप्त होती है तो तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बिसाऊ नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में सलमा सैय्यद ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की थी। उपलब्ध चुनाव परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद के मतदान में सलमा को 13 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 12 वोट मिले। बुधवार को निकाले जा रहे विजय जुलूस के दौरान हुई इस घटना के बावजूद पुलिस ने किसी बड़ी अप्रिय घटना से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।