झुंझुनूं शहर के चूरू बाइपास क्षेत्र में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया जब अज्ञात बदमाशों ने मन्नत मोटर्स वर्कशॉप में घुसकर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में मरम्मत के लिए खड़ी 18 कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग इतनी भयंकर थी कि दो किलोमीटर दूर तक धुआं दिखाई देता रहा, जबकि लगातार हो रहे धमाकों से आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग पर काबू पाने में दमकल की तीन गाड़ियों को डेढ़ घंटे तक कई फेरे लगाने पड़े।
वर्कशॉप संचालक नासिर राठौड़ ने बताया कि वह शाम को वर्कशॉप बंद करके घर चले गए थे। कुछ ही देर बाद पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर आग लगने की सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो पूरा वर्कशॉप लपटों में घिरा हुआ था और अंदर खड़ी सभी गाड़ियां आग की चपेट में थीं। गाड़ियों में भरे पेट्रोल और डीजल के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। टैंक फटने और शीशे टूटने की आवाजें लगातार सुनाई देती रहीं, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाश वर्कशॉप में घुसे, शीशे तोड़े और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। संचालक के अनुसार, ये वही लोग हैं जिन्होंने पांच दिन पहले वर्कशॉप और पास के होटल में तोड़फोड़ की थी। उस समय भी आरोपियों ने पेट्रोल बम फेंके थे, लेकिन आग नहीं लगी थी। नासिर और होटल संचालक ने 24–25 नवंबर को ही सीसीटीवी फुटेज सहित पुलिस में रिपोर्ट दी थी और आरोपियों के नाम भी बताए थे, लेकिन पुलिस ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: शौर्य दिवस का शोर निकला फेक! राजस्थान शिक्षा विभाग ने समाचार को बताया भ्रामक
स्थानीय लोगों और पीड़ितों का कहना है कि पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसके चलते दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव चल रहा था। होटल संचालक सोयब इकबाल ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले “आग लगा देंगे” की धमकी दी गई थी, जिसकी लिखित शिकायत भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन न तो पुलिस ने गश्त बढ़ाई, न ही आरोपियों की गिरफ्तारी की।
आग बुझने के बाद वर्कशॉप का पूरा ढांचा राख हो चुका था, टिन शेड पिघल गए, 18 कारें जली हालत में खड़ी थीं और औजार व मशीनें भी पूरी तरह नष्ट हो गईं। कई कारें महंगी थीं और ग्राहकों की थीं, जिनका नुकसान लाखों रुपये में पहुंच गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की भूमिका को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने पहली शिकायत पर ही कार्रवाई की होती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर चुकी है, लेकिन सवाल यह है कि जब आरोपी पहले से नामजद थे, तो पुलिस पांच दिनों तक कार्रवाई से क्यों बचती रही? इस घटना ने शहर में बढ़ती आपराधिक वारदातों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग अब पूछ रहे हैं, “अगर इतनी बड़ी घटना के बाद भी पुलिस नहीं जागी, तो फिर कब जागेगी?”