एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर झालावाड़ यूनिट ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए तहसील गंगधार की ग्राम पंचायत रावनगुराड़ी की एएनएम संगीता राठौड़ को परिवादी से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने बताया, एसीबी की झालवाड़ इकाई को परिवादी ने शिकायत दी कि उसके द्वारा पिछले पांच महीने में किए गए कार्यों की उपस्थिति पर हस्ताक्षर करने, रिकॉर्ड सही करने, टीकाकरण कार्य के क्लेम को ऑनलाइन चढ़ाने और मानदेय राशि का भुगतान करने की एवज में एएनएम संगीता राठौड़ 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर परेशान कर रही है।
इस पर एसीबी कोटा के DIG पुलिस कल्याण मल मीणा के सुपरविजन में एसीबी की झालावाड़ यूनिट के एडिशनल एसपी भवानी शंकर मीणा के निर्देशन में शिकायत का वेरिफिकेशन किया गया। उन्होंने पुलिस इंस्पेक्टर रमेश आर्य और टीम के साथ ट्रैप कार्रवाई करते हुए एएनएम संगीता राठौड़ पत्नी संजय राठौड़, निवासी कुण्डला रोड़, ईदगाह के सामने, चौमहला, झालवाड़ हाल एएनएम ग्राम पंचायत रावनगुराड़ी, तहसील गंगधार, जिला झालावाड़ को परिवादी से 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी के महानिरीक्षक पुलिस सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी एएनएम से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस रजिस्टर्ड कर आगे इन्वेस्टिगेशन किया जाएगा।