सार
बीकानेर-मदुरई एसी साप्ताहिक एक्सप्रेस में दो महिला यात्रियों के बैग से 65-70 तोला सोना, आधा किलो चांदी और सात-आठ लाख रुपये नकद चोरी हो गए। बीकानेर जीआरपी ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया है।
मदुरई-बीकानेर एसी साप्ताहिक एक्सप्रेस में सफर कर रहीं दो महिला यात्रियों के बैग से एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवर और सात-आठ लाख रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। बीकानेर जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार के अनुसार, ट्रेन नंबर 22631 के बी-1 वातानुकूलित डिब्बे में यात्रा के दौरान किसी अज्ञात बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया।
नागपुर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था परिवार
देसलसर निवासी विक्रम राजपुरोहित ने बीकानेर जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के वरूड़ में मिठाई का व्यापार करता है। उनके माता-पिता और भाई-बहन वहीं रहते हैं। परिवार में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने के लिए उनकी मां मांगीदेवी और बहन डिंपल राजपुरोहित 11 सितंबर को नागपुर स्टेशन से नोखा के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं। दोनों महिलाओं को बी-1 कोच में 25 और 28 नंबर की सीटें आवंटित थीं। उनके पास दो ट्रॉली बैग और तीन-चार अन्य बैग थे, जिन्हें उन्होंने सीट के नीचे सुरक्षित जगह पर रखा था। 12 सितंबर को नोखा स्टेशन पहुंचने के बाद परिजन उन्हें सामान सहित गांव ले गए।
पढ़ें: सीएम भजनलाल के गृह जिले में मेयर की कुर्सी का खेल पलटा: भाजपा के सामने निर्दलीय की चुनौती, कांग्रेस कहां?
बैग खोला तो गायब मिले जेवर और नकदी
गांव पहुंचने के बाद मांगीदेवी ने जब ट्रॉली बैग खोला तो उसमें रखे करीब 65 से 70 तोला सोने के आभूषण, लगभग आधा किलोग्राम चांदी के जेवर और सात-आठ लाख रुपये की नकदी गायब मिली। परिवार के अनुसार, सगाई समारोह के लिए ये आभूषण और नकदी साथ लाई जा रही थी। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई कि रेल यात्रा के दौरान ही किसी अज्ञात चोर ने ट्रॉली बैग से जेवर और नकदी चोरी कर ली। इसके बाद 14 सितंबर को परिवार ने बीकानेर जीआरपी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जीआरपी-आरपीएफ
जांच निरीक्षक नेहा राजपुरोहित के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की टीमें विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही हैं। प्राथमिकी दर्ज होने के दो दिन बाद भी पुलिस को मामले में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।