जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय जालौर
- फोटो : अमर उजाला
जालौर जिले में चाय के पैसे मांगने पर एक होटल संचालक और उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि होमगार्ड जवान के बेटे और उसके साथियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर लाठियों व हथियारों से हमला कर दुकान में तोड़फोड़ की और गल्ले से 25 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि पुलिस हमारी जेब में है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैसे मांगने पर विवाद शुरू
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम जालौर शहर के रूपनगर बाईपास स्थित चाय-नाश्ते की दुकान पर हुई। एफसीआई कॉलोनी निवासी गोकुल कुमार पुत्र भवरलाल माली ने रिपोर्ट दी कि उसके भाई दिनेश और पिता भवरलाल दुकान पर काम कर रहे थे। तभी हितेश कुमार, उसके पिता मोहनलाल (जो होमगार्ड जवान हैं) और दो अन्य युवक वहां पहुंचे। उन्होंने 4 चाय और सिगरेट लीं। पैसे मांगने पर मोहनलाल ने अपने पद का रौब दिखाते हुए कहा कि पुलिस पैसे लेती है, देती नहीं, तू हमसे रुपये मांगने की औकात कैसे रखता है। इसके बाद उन्होंने गोकुल और परिवार पर हमला किया।
हथियार लेकर लौटे और किया हमला
पहली बार पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर दोनों पक्षों को शांत कर दिया। लेकिन कुछ देर बाद रात करीब 8:30 बजे सभी आरोपी फिर लौटे। इस बार वे कुल्हाड़ी, सरिया और डंडे आदि हथियार लेकर आए। आरोप है कि उन्होंने गोकुल, उसके भाई दिनेश और पिता भवरलाल को बेरहमी से पीटा। दुकान का सामान तहस-नहस कर दिया और गल्ले से 25 हजार रुपये निकाल लिए। इस दौरान धमकाते हुए कहा कि पुलिस हमारी जेब में है, जा बुला ले।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: दो गांवों के कुओं से मिले युवकों के शव क्रेन से निकाले, आपस में है संबंध; UP से आए थे जयपुर
वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हितेश कुमार पुत्र मोहनलाल को हिरासत में लिया और शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। बाद में पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच जारी, इलाके में दहशत
कोतवाली थाने के एसएचओ अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बच्चे मन के सच्चे: शिक्षा मंत्री के सामने विद्यार्थियों ने खोली MDM की पोल, अध्यापक करते रहे चुप रहने के इशारे