सायला में फर्जी रजिस्ट्री का मामला अब बड़े जनआंदोलन में बदल गया है
- फोटो : Social Media
जालोर जिले के सायला कस्बे में 5.51 करोड़ रुपये की कथित फर्जी रजिस्ट्री का मामला अब बड़े जनआंदोलन में बदल गया है। आसाणा गांव की जमीन से जुड़े इस प्रकरण को लेकर सर्व समाज के लोग तहसील कार्यालय के बाहर अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए हैं। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई और ठगी की राशि की वसूली की मांग की है।
जमीन की फर्जी रजिस्ट्री की गई
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चौराऊ निवासी वगतसिंह परिवार के छह भाइयों के नाम पर आसाणा गांव की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री की गई। आरोप है कि भू-माफियाओं ने जाली दस्तावेज तैयार कर खरीदारों को गुमराह किया और उनसे 5.51 करोड़ रुपये हड़प लिए। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़ित पक्ष ने कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया गया।
36 कौम के लोग बड़ी संख्या में हुए शामिल
धरना स्थल पर 36 कौम के लोग बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी से आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां और बैनर लेकर आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। आंदोलन को कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक नेताओं का समर्थन भी मिला है। पूर्व सांसद देवजी पटेल सहित कई नेताओं ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। वक्ताओं ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में सक्रिय भूमाफिया नेटवर्क से जुड़ा है।
गिरफ्तारी और रिकवरी पूरी न होने तक जारी रहेगा आंदोलन
पीड़ित परिवार के सदस्य जगमालसिंह ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी, पूरी राशि की रिकवरी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज करने की भी बात कही है। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर एसआईटी जांच की मांग की है।
ये भी पढ़ें-
पंचायत-निकाय चुनाव टालने की मांग, सरकार पहुंची हाईकोर्ट; 15 दिसंबर तक का समय मांगा
स्थिति को देखते हुए तहसील परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। आंदोलनकारियों ने कस्बा बंद और विशाल रैली निकालने की भी घोषणा की है।