जालौर में एसीबी ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी स्कूल की मान्यता और यू-डाइस आईडी जारी करने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जालौर इकाई ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक महेंद्र कुमार को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर की गई।
विज्ञापन
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार हेल्प लाइन नंबर 1064 पर एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि वरिष्ठ सहायक महेंद्र कुमार, परिवादी से स्कूल की मान्यता, यू-डाइस आईडी और पासवर्ड जारी करने के बदले दस हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की सत्यापन के बाद जोधपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में जालौर एसीबी टीम को ट्रैप कार्रवाई के आदेश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाकर महेंद्र कुमार को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने मौके से दस हजार रुपये की नकदी बरामद की।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।