जालोर जिले के भीनमाल कस्बे में हाल ही में सामने आए युवक पर स्कॉर्पियो चढ़ाने और मारपीट के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य षड्यंत्रकारी बताए जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से सरकारी अध्यापक है। पुलिस अब हमले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 की शाम भीनमाल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो और पिकअप ट्रोला में सवार कुछ बदमाश एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक और थाना अधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे तथा तत्काल नाकाबंदी करवाई गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृताधिकारी और थाना अधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए।
प्रकरण में पीड़ित पक्ष की ओर से जवाराम पुत्र धर्माराम देवासी निवासी करड़ा रोड, भीनमाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार 22 मई को शाम करीब 6:35 बजे उनका पुत्र कृष्ण कुमार उर्फ कस्तुराराम देवासी महेश्वरजी महादेव मंदिर के पास स्थित सुंधा हार्डवेयर के सामने खड़ा था। आरोप है कि उसी दौरान बिना नंबर की एक सफेद स्कॉर्पियो, जिस पर मामाधणी लिखा हुआ था, मौके पर पहुंची।
पढ़ें: बालोतरा में मिला दुर्लभ खनिजों का भंडार, न्यूक्लियर-मिसाइल से लेकर इलेक्ट्रिक कार तक मिलेगा दम
परिवादी ने आरोप लगाया कि वाहन चालक भजनलाल जाणी सामाणी ने जान से मारने की नीयत से उनके पुत्र को कई बार स्कॉर्पियो से टक्कर मारी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि वाहन चालक ने सुनियोजित तरीके से अन्य लोगों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के जरिए जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पांच संदिग्ध कैंपर और पिकअप वाहनों को जब्त किया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शिवलाल सोलंकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा हमले की साजिश रचना सामने आने का दावा किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिवलाल सोलंकी, जो पेशे से सरकारी अध्यापक है, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा पूरे षड्यंत्र के विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।