मोबाइल कारोबारी से लॉरेंस गैंग के नाम पर एक करोड़ की रंगदारी मांगी
- फोटो : Amar Ujala
जालौर जिले के सांचौर कस्बे में एक बार फिर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस बार राव मार्केट स्थित एक मोबाइल कारोबारी से विदेशी नंबरों के जरिए 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांचौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप कॉल के जरिए मांगी एक करोड़ की फिरौती
पुलिस के अनुसार, सांचौर की मुमादेवी कॉलोनी निवासी ओमाराम ने रिपोर्ट में बताया कि 13 जुलाई को उसके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की। आरोपी ने चेतावनी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो उसे और उसके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।
फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई
पीड़ित ने बताया कि 14 जुलाई को अलग-अलग विदेशी नंबरों से कई व्हाट्सएप कॉल आए, जिन्हें उसने रिसीव नहीं किया। इसके बाद 15 जुलाई को एक अन्य नंबर से कॉल आया। कॉल रिसीव नहीं करने पर आरोपी ने दो वॉइस मैसेज भेजे। इन संदेशों में फिरौती नहीं देने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। 19 जुलाई को एक बार फिर विदेशी नंबर से कॉल कर आरोपी ने 1 करोड़ रुपये की मांग दोहराई और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
सांचौर थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया
धमकियों से परेशान कारोबारी ने सांचौर थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से विदेशी नंबरों, व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद कारोबारी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उसके घर व आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। थानाधिकारी नेमाराम ने बताया कि रंगदारी मांगने और धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा पीड़ित को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान के सबसे बड़े चुनाव का रोडमैप तय: पंचायत-निकाय चुनाव में डेढ लाख दावेदार, 5.45 करोड़ होंगे वोटर
गौरतलब है कि, सांचौर क्षेत्र में इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। वहीं, पुलिस इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।