तनोटराय माता मंदिर पहुंचीं वित्त मंत्री
- फोटो : अमर उजाला
जीएसटी काउंसिल मीटिंग के सिलसिले में जैसलमेर पहुंची केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने दौरे के दौरान सीमा सुरक्षा बल (BSF) के प्रसिद्ध तनोटराय माता मंदिर के दर्शन किए।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर वित्त मंत्री का स्वागत सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट करके किया गया। इसमें एम.एल. गर्ग (महानिरीक्षक, सीमान्त मुख्यालय, BSF राजस्थान), योगेन्द्र सिंह राठौड़ (उप महानिरीक्षक, क्षेत्रीय मुख्यालय जैसलमेर उत्तर), सुरेंद्र कुमार (समादेष्टा, क्षेत्रीय मुख्यालय जैसलमेर उत्तर) और वीरेंद्र पाल सिंह (समादेष्टा, 166वीं वाहिनी) शामिल थे।
वित्त मंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित विजय स्तम्भ पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्हें सीमा सुरक्षा बल की विशेष गार्ड द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। उन्होंने तनोट परिसर में ऑडियो विजुअल और हथियार प्रदर्शनी का भी दौरा किया, जहां योगेन्द्र सिंह राठौड़ ने उन्हें बीएसएफ की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद निर्मला सीतारमण ने तनोटराय माता मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के बहादुर जवानों से भी मुलाकात की और उनकी हौसला अफजाई की। वित्त मंत्री ने कहा, "देश की प्रथम रक्षा पंक्ति के रूप में विख्यात सीमा सुरक्षा बल के जवानों से मुलाकात करके मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है।"