जैसलमेर में ट्रेन से कटने से एक युवक की मौत हो गई। युवक का सिर धड़ से अलग हो गया था। सामान या आई-डी कार्ड नहीं मिलने से पहचान नहीं हो पाई है। रेलवे पुलिस चौकी (जीआरपी) जैसलमेर ने पटरियों से शव को हटाया।
जीआरपी रेलवे पुलिस चौकी जैसलमेर के प्रभारी दुर्ग सिंह ने बताया कि बुधवार को रेलवे के स्टेशन मास्टर से सूचना मिली कि कोई युवक ट्रेन से रन ओवर हो गया है, यानि ट्रेन से कट गया है। रेलवे स्टेशन से शालीमार एक्सप्रेस ट्रेन की शटिंग के दौरान बाबा बावड़ी के पास रेल की पटरियों पर ये हादसा हुआ। जीआरपी प्रभारी दुर्ग सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और शव का मौका मुआयना किया।
युवक की नहीं हुई पहचान
दुर्ग सिंह ने बताया कि मृतक के पास से कोई भी पहचान का दस्तावेज़ नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। हमने शव को कब्जे में लेकर उसको मोर्चरी में रखवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवा आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, जीआरपी शव पहचान के प्रयास कर रही है।