राजधानी की झोटवाड़ा और चौमूं थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी साइबर ठगी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कॉलगर्ल उपलब्ध करवाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को फंसाकर उनसे हजारों रुपये ऐंठते थे।
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में दो युवक एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच शुरू की और साइबर टीम की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार कांटवा (30) निवासी हिरनोदा कांटवा की ढाणी, थाना फुलेरा, जयपुर ग्रामीण, हाल खिरणी फाटक झोटवाड़ा और अंकित सियाक (28) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी बनाते थे।
ये भी पढ़ें-
अनोखी जनसुनवाई: कलेक्टर के सामने सिंहासन पर बैठे 'सिया-राम', किस समस्या में हैं 'भगवान'? हैरान कर देगा मामला
वे गूगल से आकर्षक लड़कियों की तस्वीरें डाउनलोड कर अपनी फर्जी प्रोफाइल पर पोस्ट करते और फिर वॉट्सऐप पर ग्राहकों से संपर्क करते थे। ग्राहकों को झांसे में लेने के लिए रजिस्ट्रेशन चार्ज, होटल चार्ज और वीआईपी कॉलगर्ल चार्ज के नाम पर रकम वसूलते थे। जैसे ही पैसा ट्रांसफर होता, दोनों आरोपी ग्राहक को वॉट्सऐप पर ब्लॉक कर देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि उन्होंने अब तक कई लोगों से ठगी की है। पुलिस साइबर ट्रांजेक्शन और फर्जी अकाउंट के जरिए अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान में जुटी है।
डीसीपी मीणा ने बताया कि इस तरह के ऑनलाइन ठगी मामलों में लोगों को सतर्क रहना चाहिए। किसी भी अनजान सोशल मीडिया अकाउंट या लिंक पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस या साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।