जयपुर में कालवाड़ स्थित अंकल होटल के पास ट्रैक्टर चालक रामलाल गुर्जर का कल रात 10:00 बजे कुछ अज्ञात व्यक्तियों से आपसी झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद वहां से बदमाश चले गए। फिर देर रात करीब 12:00 बजे बदमाशों ने रामलाल के ऊपर गंगा माता मंदिर के पास हमला कर दिया। इस हमले में रामलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
रामलाल को मारकर बदमाश वहां से भाग गए। फिर मौके से गुजर रहे एक युवक ने पुलिस को फोन करके इसकी सूचना दी।
अकेला था कमाने वाला
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कावटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। उधर, रात 1:00 बजे पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। बता दें कि मृतक रामलाल गुर्जर कालवाड़ का रहने वाला था। उसके परिवार वाले हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उनके घर में रामलाल गुर्जर ही केवल कमाने वाला था। परिवारजन ने कहा कि जब तक बदमाश पकड़े नहीं जाते, वह शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।
बड़ी संख्या में लोग हुए जमा
घटनास्थल से मृतक का घर करीब 5 किलोमीटर दूर था। सूचना मिलने पर रामलाल के परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में कालवाड़ थाने पहुंचे और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। एसीपी झोटवाड़ा सुरेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि रामलाल इलाके में ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का जीवन यापन करता था। सिर पर चोट लगने से रामलाल गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले।