IPL 2025: राजस्थान रॉयल्स ने अब तक खेले गए 9 में से 7 मुकाबले गंवाए हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है। प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं, लेकिन इसके लिए टीम को अपने अगले पांचों मुकाबले जीतने होंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में आज शाम राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। इस रोमांचक मैच को देखने के लिए देशभर से क्रिकेट प्रेमी जयपुर पहुंच चुके हैं। राजस्थान रॉयल्स इस सीजन अपने घरेलू मैदान पर पहली जीत की तलाश में उतरेगी, वहीं गुजरात टाइटंस की नजरें पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करने पर होंगी।
विज्ञापन
नेट प्रैक्टिस में दिखा खास नजारा
शनिवार और रविवार को दोनों टीमों ने स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस की। इस दौरान गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच और पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ से बैटिंग टिप्स लेते नजर आए। वहीं, गुजरात के बल्लेबाज जोस बटलर ने नेट्स में गेंदबाजों को उपयोगी सलाह दी। बटलर ने गुजरात टाइटंस में शामिल होने के बाद पहली बार सवाई मानसिंह स्टेडियम में अभ्यास किया।
राजस्थान के लिए करो या मरो का मुकाबला
राजस्थान रॉयल्स ने अब तक खेले गए 9 में से 7 मुकाबले गंवाए हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है। प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं, लेकिन इसके लिए टीम को अपने अगले पांचों मुकाबले जीतने होंगे। यदि राजस्थान आज का मुकाबला हारती है, तो उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी। ऐसे में आज का मैच राजस्थान के लिए निर्णायक साबित होगा।
पिच और मौसम का हाल
सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां अब तक खेले गए 59 IPL मुकाबलों में पहली बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 21 जबकि दूसरी बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 38 मैचों में जीत दर्ज की है। स्टेडियम का अब तक का सर्वाधिक स्कोर 217/6 है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने 2023 में राजस्थान के खिलाफ बनाया था।
वहीं मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हवा की गति लगभग 13 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है।