अमर उजाला का चुनावी रथ सत्ता का संग्राम आज चित्तौड़गढ़ में है। चाय पर चर्चा के दौरान हमारी टीम ने यहां के लोगों से चुनावों को लेकर उनके विचार जानने की कोशिश की। जानिये क्या कहते हैं यहां के मतदाता
किसानों को अफीम के पट्टे
चाय की थड़ी पर मौजूद लोकेश मिश्रा का कहना है कि इस क्षेत्र में अफीम की खेती बड़ी तादाद में होती है एक समय में कांग्रेस ने यह कहते हुए कि इसके कारण नशे की लत बढ़ती है, इसकी खेती पर रोक लगाने की बात की थी लेकिन अफीम का उपयोग कई सारी दवाओं में भी होता है इसी को ध्यान में रखते हुए वर्तमान सांसद ने कालाबाजारी पर रोक लगाते हुए किसानों को पट्टे जारी किए। शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने कई विकास कार्य करवाए हैं।
इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ है
यहां मौजूद एक मतदाता का कहना था कि वर्तमान सरकार ने क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों का विकास किया है, फोरलेन और सिक्स लेन सड़कों के माध्यम से शहरों को जोड़कर सुविधाएं दी हैं। कांग्रेस यहां से जीतने के लिए मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। देश में फिर से भाजपा की सरकार ही बनेगी।
बेरोजगारी दूर करे सरकार
कन्हैयालाल प्रजापत का कहना है कि हर नेता अपनी-अपनी बात कहते हैं लेकिन जिले में इतनी फैक्ट्री होने के बावजूद अब भी यहां बेरोजगारी है। जो भी सरकार आए यहां बेरोजगारी दूर करे।