उदयपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा के बाद आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने भी भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और राज्य मंत्री धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार रिपीट होगी और हमारी पार्टी 150 से ज्यादा सीटें लाकर वापस सत्ता पर काबिज होगी।
धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा राज्य की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की जनता को कई सौगातें मिली हैं, जिनको जनता भूल नहीं सकती है। यही जनता कांग्रेस को फिर से सत्ता में बैठाकर मुद्दा विहीन और झूठों की पार्टी भाजपा को करारा जवाब देगी। निगम अध्यक्ष राठौड़ ने भाजपा पर हमला बोलते हुए प्रेस को जारी बयान में कहा कि राज्य की विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा बौखलाई हुई है। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, क्योंकि हमारी सरकार ने सभी वादे पूरे कर अपनी ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाओं से व्यापारी, किसान, विद्यार्थी व महिलाओं सहित आमजन के सभी वर्ग को खुश करने का काम कर दिया है। इस चुनावी महासंग्राम में हमारा 150 से ज्यादा सीटें जीतने का टारगेट है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी स्तर पर रणनीति बनाने का शुरू कर दिया।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा सिर्फ लोगों को भ्रमित करने और नफरत की राजनीति करती है। भाजपा का काम प्रदेश में सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ना है, लेकिन हम उनके इन मंसूबों को कभी भी कामयाब नहीं होने देंगे। निगम अध्यक्ष राठौड़ का कहना है कि चुनाव से पहले ही भाजपा में मुख्यमंत्री बनने के लिए कलह और घमासान शुरू हो गया है। भाजपा के नेताओं के बीच भावी मुख्यमंत्री बनने की होड़ मची हुई है, जो जग जाहिर है। केंद्र सरकार की महंगाई और बेरोजगारी से प्रदेश ही नहीं, वरन देशवासी प्रताड़ित हैं, जो भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुके हैं।
निगम अध्यक्ष राठौड़ ने अपनी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार के मंत्री और विधायक प्रशासनिक तालमेल से बेहतरीन कार्य कर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। इसी का परिणाम आज जनता के सामने दिख रहा है। इससे राज्य में कांग्रेस सरकार की वाहवाही हो रही है, जिसको भाजपा पचा नहीं पा रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश का अभूतपूर्व विकास करने के साथ ही जनता के लिए शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, पेंशन, महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आवासीय पट्टे, चिरंजीवी योजना, 100 यूनिट बिजली फ्री बिजली, किसानों का ऋण माफी, बेरोजगारी भत्ता और असहाय लोगों के कल्याण सहित कई जन कल्याणकारी योजना लागू कर जनहित के अहम कदम उठाएं है। राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि राज्य सरकार ने महंगाई को नियंत्रण करने के लिए भी ऐतिहासिक कदम उठाए। महंगाई राहत शिविर से राज्य के लाखों लोगों को फायदा मिला है। राजनीतिक विश्लेषकों का भी यही मानना है कि राजस्थान में कांग्रेस फिर से अपनी सरकार बना रही है।
राठौड़ ने किया आठों विधानसभा सीट जीतने का दावा
राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व राज्य मंत्री धर्मेंद्र राठौड़ ने विधानसभा चुनाव में जिले की आठों विधानसभा सीटों पर चुनाव जीतने का दावा किया है। निगम अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि आलाकमान के निर्देश पर जिले के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट व होकर व मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इसी एकजुटता से जिले की आठ विधानसभा सीट पर जीत होगी। चुनाव के लिए पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ बैठे है।
प्रदेश के साथ अजमेर में पर्यटन क्षेत्र को मिला बढ़ावा
राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ का कहना है कि प्रदेश में धार्मिक व पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के साथ ही अजमेर में भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई कार्य तो हो पूरे हो चुके है और कई कार्य प्रगर्ति पर है। राठौड़ ने बताया कि हमारी सरकार के प्रयासों से ही जगतपिता ब्रह्मा की नगरी में पुष्कर विकास प्राधिकरण का गठन हो सका। पुष्कर के 52 घाटों के लिए 80 करोड़ का प्रावधान, 10 करोड़ से अंतरराष्ट्रीय कैंप सिटी की डीपीआर बनाने का काम, पुष्कर ब्रह्मा मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए केंद्र से स्वीकृति लाने सहित कई कार्य हो चुके है। अजमेर शहर से जुड़े काजीपूरा भैरव घाटी लेपर्ड सफारी व तारागढ़ रोपवे की कार्ययोजना को मूर्त रूप देने सहित कई कार्य संभव हो सके। निगम अध्यक्ष राठौड़ की सबसे बड़ी उपलब्धि महाराणा प्रताप बोर्ड का गठन कराने की भी रही है, जो बरसों से किसी भी राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं से संभव नहीं हो सका।