राजस्थान में दूसरे चरण के लिए 13 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए इस बार विशेष इंतजाम भी किए हैं। खासतौर पर बुजुर्गों को पोलिंग बूथों पर कतार में न लगना पड़े, इसके लिए उन्हें पहले मतदान करने की सुविधा मिलेगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि यदि किसी मतदाता के पास मतदाता सूचना पर्ची नहीं है और उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो 13 दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज दिखाकर मतदाता मतदान कर सकेंगे।
यह हैं वैकल्पिक दस्तावेज
फोटोयुक्त वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पेन कार्ड, दिव्यांग यूनिक आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन दस्तावेज (फोटो सहित), पासपोर्ट, पासबुक (फोटो सहित बैंक/डाकघर द्वारा जारी), फोटो युक्त सर्विस पहचान पत्र (केन्द्र/राज्य सरकार/सार्वजनिक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी), सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्यों को जारी आधिकारिक पहचान पत्र, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी Kno स्मार्ट कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड (श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी) में से कोई भी एक दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकते हैं।
जानिए दूसरे चरण में कौन प्रत्याशी सबसे अमीर
दूसरे चरण के प्रत्याशियों के लिए एडीआर रिपोर्ट में बीजेपी के सांसद सुखबीर जौनपुरिया सबसे अमीर हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर चित्तौड़गढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल आंजना हैं। अमीरों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर 75 करोड़ से अधिक संपत्ति के साथ करण सिंह उचियारड़ा का नाम है। करण सिंह राजस्थान की जोधपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।