राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती के तहत रीट लेवल-1 परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इसमें 9 नम्बर तक कटऑफ बढ़ी है। 21000 पदों पर भर्ती की जाएगी।
दो लाख से ज़्यादा कैंडिडेट्स ने किया था आवेदन
टीचर भर्ती परीक्षा रीट लेवल-1 में कुल 2 लाख 12 हजार 342 कैंडिडेट्स ने आवेदन किया था। इनमें से 1 लाख 96 हजार 696 ने परीक्षा दी थी। जिनकी कुल उपस्थिति 92.63 प्रतिशत रही। लेवल-2 में 7 लाख 53 हजार 23 कैंडिडेट्स में से 7 लाख 5 हजार 629 कैंडिडेट्स शामिल हुए थे। लेवल-2 की अटेंडेंस 93.70 प्रतिशत रही।
9 नंबर तक कटऑफ बढ़ी, सितंबर में लेवल-2 का रिजल्ट भी जारी होगा
कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से जारी इस फाइनल रिजल्ट की कट ऑफ में 9 नम्बर तक की बढ़ोतरी हुई है। बोर्ड की ओर से कुल 48 हजार पदों के लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा 25 फरवरी से 1 मार्च तक कराई गई थी। परीक्षा में कुल 9.65 में से 9.02 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के रिजल्ट को लेकर तीन बार राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के बैनर तले अभ्यर्थियों ने कर्मचारी चयन बोर्ड मुख्यालय का घेराव किया था।
लेवल-2 का रिजल्ट भी सात दिन में जारी होगा
संघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन यादव ने कहा था कि लेवल-2 का रिजल्ट भी सात दिन में जारी किया जाए, ताकि आचार संहिता लगने से पहले उम्मीदवारों को पोस्टिंग दी जा सके। अगर बोर्ड द्वारा ऐसा नहीं किया तो प्रदेशभर के बेरोजगार एक बार फिर कर्मचारी चयन बोर्ड मुख्यालय का घेराव करेंगे। थर्ड ग्रेड टीचर लेवल-1 की परीक्षा 25 फरवरी 2023 को सुबह की पारी में हुई थी।
इसके बाद राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने रीट लेवल-1 का रिजल्ट और कट ऑफ 26 मई 2023 को जारी कर लगभग दो गुना 41546 अभ्यर्थियों को डॉक्युमेंट्स वेरीफिकेशन के लिए पात्र घोषित किया था। फिर शिक्षा विभाग द्वारा इन 41546 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का कार्य पूरा किया। इसके बाद अभ्यर्थियों को रीट लेवल-1 की फाइनल कट ऑफ 2023 का इंतजार था। जो अब पूरा हो गया।