RBSE 8th Result 2025: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पाली जिले के रानी ब्लॉक में स्थित डीओआईटी के ऑफिस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परीक्षा परिणाम जारी किया। इस साल 12,22,369 बच्चे पास हुए हैं। कुल 96.66 प्रतिशत परिणाम रहा।
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को आठवीं बोर्ड परीक्षा 2025 का परिणाम जारी कर दिया। पाली जिले के रानी ब्लॉक स्थित डीओआईटी कार्यालय से उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परिणाम की घोषणा की। इस दौरान वे जयपुर स्थित शिक्षा संकुल से जुड़े रहे।
विज्ञापन
इस साल कक्षा 8वीं में कुल 12 लाख 64 हजार 618 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 12 लाख 22 हजार 369 विद्यार्थी पास हुए हैं। इस बार परीक्षा परिणाम 96.66 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के मुकाबले बेहतर है।
बता दें कि 2024 में 12 लाख 50 हजार 800 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 11 लाख 97 हजार 321 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। तब परीक्षा परिणाम 95.72 प्रतिशत रहा था। राजकीय विद्यालयों का परिणाम 94.54 प्रतिशत जबकि निजी विद्यालयों का 97.38 प्रतिशत रहा था।
इस साल कक्षा 8वीं की परीक्षा 20 मार्च से 2 अप्रैल के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा का आयोजन शिक्षा विभागीय पंजीयक कार्यालय द्वारा किया गया, जबकि संचालन एवं कॉपी जांच का जिम्मा जिला स्तर पर डायट्स (DIETs) को सौंपा गया था। विद्यार्थी अपना रिजल्ट शाला दर्पण पोर्टल और पीएसपी (PSP) पोर्टल पर कंप्यूटर जनरेटेड ग्रेड शीट के माध्यम से देख सकते हैं