राजस्थान के नए 19 जिलों का स्थापना दिवस सात अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा। हर जिले में मंत्री की मौजूदगी में कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम सुबह 11 बजे जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में होगा।
19 नए जिले बनने के बाद राजस्थान में जिलों की संख्या 33 से बढ़कर 50 हो गई है। नए जिलों का स्थापना दिवस समारोह राज्य सरकार की ओर से धूमधाम से सात अगस्त को मनाया जाएगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक सांचौर में श्रम राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई, डीडवाना-कुचामन में सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, अनूपगढ़ में आपदा प्रबंधन और सहायता मंत्री गोविंद राम मेघवाल, नीमकाथाना में उद्योग मंत्री शकुंतला रावत, बालोतरा में पेट्रोलियम और खान मंत्री प्रमोद जैन भाया, कोटपूतली- बहरोड में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह यादव शामिल रहेंगे।
ये मंत्री जिलों के स्थापना दिवस समारोह में मौजूद रहेंगे
गंगापुर सिटी में सार्वजनिक निर्माण मंत्री भजन लाल जाटव, डीग में पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह, खैरथल-तिजारा में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली, सलूंबर में खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, शाहपुरा में पीएचईडी मंत्री महेश जोशी, ब्यावर में महिला और बाल विकास मंत्री ममता भूपेश, दूदू में नगरीय विकास मंत्री शांति कुमार धारीवाल, फलौदी में शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला और अल्पसंख्यक मामलात मंत्री साले मोहम्मद, जयपुर और जयपुर ग्रामीण में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, जबकि जोधपुर और जोधपुर ग्रामीण में तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री डॉ सुभाष गर्ग कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सीएम अशोक गहलोत बिरला ऑडिटोरियम से करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सात अगस्त को सुबह 11 बजे नवगठित जिलों का शुभारंभ कार्यक्रम समारोह पूर्वक बिरला ऑडिटोरियम जयपुर से करेंगे। प्रदेश के नए जिलों से मंत्री, विधायक, नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जिला कलेक्टर, एसपी, संभागीय आयुक्त, कार्यकारी अधिकारी कार्यक्रम में वीसी से जुड़ेंगे।