शीतलहर और कोहरे के बीच राजस्थान में अब बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पिछले कई दिनों से प्रदेश में घने कोहरे का प्रभाव देखा जा रहा है जिसके चलते सड़कों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रह गई है। अब प्रदेश में मावठ की संभावना भी जताई जा रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 7 जनवरी, रविवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसके चलते कड़ाके की सर्दी के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है।
6 जनवरी को दर्ज किए गए तापमान में अजमेर का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री, भीलवाड़ा 16.9, वनस्थली 18.2, अलवर 16.9, जयपुर 18.0, सीकर 16.5, कोटा 17.3, चितौड़गढ़ 18.2, बाड़मेर 25.3, जैसलमेर में 22, जोधपुर में 23.2, बीकानेर में 14.2, चूरू में 13.6, धौलपुर में 16.6, डूंगरपुर में 21.6, संगरिया हनुमानगढ़ में 10, जालौर 24.2, सिरोही 18.7, सवाई माधोपुर 19.1, फतेहपुर सीकर 17.1, करौली 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज कोटा, उदयपुर संभागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं सोमवार को कोटा, अजमेर, भरतपुर, जयपुर संभागों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जोधपुर संभाग में भी बारिश होने के आसार हैं।