गर्मी को देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को दी राहत
जोधपुर शहर में लगातार दूसरे दिन तापमान 45 डिग्री के पास रहा। गर्म हवाओं की वजह से गर्मी का असर देर रात तक जारी था। मौसम विभाग की माने तो शुक्रवार को भी शाम तक तापमान में राहत की संभावना कम है। ऐसे में गर्मी को देखते हुए अब यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को राहत दी है। सभी पॉइंट्स पर पांच घंटे तक सभी ट्रैफिक सिग्नल बंद रखे जाएंगे। ताकि वाहन चालकों को इस गर्मी में पॉइंट पर खड़ा न रहना पड़े। वहीं, लगातार नगर निगम भी लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए पानी का छिड़काव करवा रहा है।
एक से शाम पांच बजे तक सभी ट्रैफिक सिग्नल बंद
गर्मी देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को राहत प्रदान करने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दुर्गाराम चौधरी ने बताया कि सभी पॉइंट्स पर दोपहर एक से शाम पांच बजे तक सभी ट्रैफिक सिग्नल बंद रखे जाएंगे। इससे लोगों को गर्मी में ठहरना नहीं पड़ेगा। अगर कहीं यातायात दबाव बढ़ा तो वहां सिग्नल शुरू किए जाएंगे। ट्रैफिक सिग्नल पर सुबह से रात तक यातायात पुलिस अधिकारी, जवान व होमगार्ड तैनात रहेंगे। कुछ ट्रैफिक पॉइंट्स को छोड़कर शेष पर दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक लंच ब्रेक होता है। इस दौरान वहां एक होमगार्ड तैनात रहता है। गर्मी से बचाव के लिए यातायात पुलिसकर्मियों को भी कुछ समय तक छांव में खड़े रहने की छूट रहेगी।
नगर निगम कर रहा पानी का छिड़काव
नगर निगम उत्तर की ओर से हीट एक्शन प्लान बनाया गया है, जिसके तहत स्मोक गन से पानी का छिड़काव कर राहत दिलाई जा रही है। गुरुवार को स्मोक गन जालोरी गेट, सोजती गेट, पावटा, कलेक्ट्रेट, मंडोर और पाली रोड पर छिड़काव करती नजर आई। पानी की बौछारें सड़क पर गिरती हैं तो हीट वेव कम होती है। निगम की ओर से बताया गया कि गर्मी बढ़ती है तो दूसरी स्मोक गन को भी सड़क पर उतारा जाएगा। सुबह 11.30 से शाम छह बजे तक यह वाहन अलग क्षेत्रों में जाकर पानी का छिड़काव कर रहा है। दिन में उसे तीन से चार बार छिड़क पानी भरने के लिए आना पड़ता है।