राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को आज जनसुनवाई के दौरान एक सरकारी शिक्षक द्वारा रिश्वत दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक की पहचान चंद्रकांत वैष्णव के रूप में हुई है, जो कि लेवल 2 का अध्यापक है। जानकारी के अनुसार वह अपने विभाग में तबादला करवाने की मंशा से मंत्री से मिलने पहुंचा था।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: रणथंभौर में टाइगर ने पुजारी पर किया जानलेवा हमला, दो महीने में तीसरी घटना, ग्रामीणों का गुस्सा फूटा
अमर उजाला से बातचीत में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रकांत ने उन्हें एक मिठाई का डिब्बा और एक लिफाफा सौंपा। जब मंत्री जी को शक हुआ तो उन्होंने लिफाफा खोलकर देखा, जिसमें पांच सौ रुपये के 10 नोट यानी कुल पांच हजार रुपये निकले। इस पर उन्होंने तत्काल शिक्षक को बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने मौके पर ही पुलिस को बुलाया और आरोपी को उनके हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। शिक्षा विभाग के डायरेक्टर ने तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर लेन-देन करके तबादले और पदोन्नति होते रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि हमारी सरकार में इसे जीरो टॉलरेंस के नजरिये से देखा जाएगा और रिश्वत देने और लेने वालों की खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।