राजस्थान में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में पिछले एक पखवाड़े से अटका मॉनसून एक बार फिर से एक्टिव हो रहा है। अगले 3-4 दिन राजस्थान के कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग में बारिश का अनुमान हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक आज कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल, उड़ीसा तट के ऊपर बना हुआ है। इसके आगामी 2-3 दिनों में उत्तरी उड़ीसा-छत्तीसगढ़ की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से आगामी 3-4 दिन पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के कुछ भागों में मानसून सक्रिय होने और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।
शुक्रवार शाम कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के इलाकों में बारिश का अलर्ट
आज 18 अगस्त के दौरान कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 19-20 अगस्त को कोटा, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश की गतिविधियां 21 अगस्त को धौलपुर, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में जारी रहने की संभावना है।
19 से 21 अगस्त को जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी होगी बारिश
पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर जोधपुर, बीकानेर संभाग में 19 से 21 अगस्त को छुटपुट स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।