सांस्कृतिक गतिविधियों के हृदय स्थल जयपुर के रवींद्र मंच को मल्टीकल्चरल सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही जयपुर कथक केंद्र का भी आधुनिकीकरण होगा। राज्य सरकार की ओर से दोनों ही केंद्रों के सौन्दर्यीकरण, सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण के लिए चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस आशय के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस स्वीकृति से रवींद्र मंच पर तीन करोड़ रुपये से विकास कार्य होंगे। इससे मुख्य सभागार की कुर्सियों के फिक्चर्स व कारपेट और आंतरिक साज सज्जा, स्टेज लाइट व्यवस्था के लिए कंसोल, साउंड सिस्टम सहित आधुनिक उपकरण, एयरकंडीशन के सुधार कार्य होंगे। साथ ही, रवींद्र मंच पर नवीन कैफेटेरिया का निर्माण, अतिथियों के लिए गेस्ट हाउस, पुस्तकालय, अभिलेखागार, फोटो गैलेरी, खुला गार्डन मंच, वर्तमान भवन के बाहरी सौन्दर्यीकरण के कार्य, प्रदर्शनी स्थल और शिल्पग्राम सहित विभिन्न कार्य कराए जाएंगे।
कथक नृत्य शैली के प्रमुख जयपुर कथक केंद्र में भी एक करोड़ रुपये की लागत से केंद्र का आधुनिकीकरण होगा। इसमें वर्तमान भवन में मरम्मत, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट कक्षा कक्षों का निर्माण, प्रशिक्षण कक्षों में सुविधाओं के विस्तार सहित अन्य कार्य होंगे। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 के बजट में इस सम्बन्ध में घोषणा की थी।