राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने के लिए राज्य खेलों की तर्ज पर राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन होगा। जयपुर जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेलों का आगाज 23 जून 2023 को होगा। खेलों में भाग लेने के लिए सभी एज ग्रुप के इच्छुक खिलाड़ी राजीव गांधी ओलंपिक की अधिकृत वेबसाइट www.rajolympic.rajasthan.gov.in पर अपने जन आधार की डिटेल डालकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
ग्रामीण और शहरी ओलंपिक के तहत 7-7 खेलों का आयोजन होगा। ग्रामीण ओलंपिक के तहत कबड्डी, टेनिसबॉल क्रिकेट, वालीबॉल, फुटबॉल, खो-खो, शूटिंगबॉल, रस्साकसी का आयोजन होगा। जबकि शहरी ओलंपिक के तहत कबड्डी, टेनिसबॉल क्रिकेट, वालीबॉल, फुटबॉल, खो-खो, बास्केटबॉल एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
पंचायत और पालिका से राज्य स्तर तक होंगे आयोजन...
ग्रामीण ओलंपिक खेलों में ग्राम पंचायत स्तरीय प्रतियोगिताएं चार दिन, ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं पांच दिन, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं तीन दिन और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं चार दिन आयोजित होंगी। वहीं, शहरी ओलंपिक के तहत पालिका स्तरीय प्रतियोगिताएं छह, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं तीन दिन एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं चार आयोजित होंगी।