देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के बलिदान को बुधवार को राजस्थान पुलिस ने नमन किया। पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी के पुलिस शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने शहीद जवानों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित पुलिस स्मारक त्रिमूर्ति सर्किल पर भी शहीदों को पुष्प अर्पित कर याद किया गया।
पुलिस स्मारक त्रिमूर्ति सर्किल पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के साथ डीजीपी कानून-व्यवस्था संजय अग्रवाल, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। समारोह में पुलिस के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भी शहीदों के बलिदान को याद किया।
कर्तव्यनिष्ठा और साहस की मिसाल हैं शहीद पुलिसकर्मी
पुलिस शहीद दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। इस दिन 1959 में लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों की स्मृति में देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यह दिवस पुलिस बलों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस शहीद दिवस वीर जवानों को याद करने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर है। शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान पुलिस बल की उच्चतम परंपराओं और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
यह भी पढें-
राजस्थान: पुलिस का बड़ा फैसला, सरकारी ई-मेल से अमेजन, फ्लिपकार्ट और जोमैटो पर खाता बनाने पर रोक
एक साल में देशभर के 154 पुलिसकर्मियों ने दिया सर्वोच्च बलिदान
समारोह में बताया गया कि एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। इन जवानों का योगदान पुलिस बलों के समर्पण और देश के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाता है।
पुलिस अकादमी में पौधारोपण, रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया। इसके साथ ही रक्तदान करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के जरिए शहीद जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।