पेस्ट्री शेफ ने जीता अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर की प्रसिद्ध पेस्ट्री शेफ तेजस्वी चंदेला ने ला लिस्टे, पेरिस द्वारा प्रतिष्ठित 'पेस्ट्री टैलेंट ऑफ द ईयर अवार्ड' जीता है। ला लिस्टे हजारों पब्लिकेशन, गाइडबुक्स और लाखों ऑनलाइन रिव्यूज के आधार पर रेस्टोरेंट, पेस्ट्री शॉप्स और होटलों में से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ रेस्टोरेंट और होटल्स का चयन करता है।
पेरिस में यह पुरस्कार प्राप्त करते हुए तेजस्वी ने कहा, "मुझे यह प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल करने और कई प्रसिद्ध शेफ के साथ एक मंच साझा करने की प्रसन्नता है। मैं गुलाबी शहर को वैश्विक स्तर पर ले जाने का अवसर प्राप्त करने के लिए बेहद आभारी हूं।"
भारतीय और आधुनिक पेस्ट्री में अपनी महारत के लिए प्रसिद्ध शेफ तेजस्वी चंदेला ने पेस्ट्री की दुनिया में अपनी कुशलता का प्रदर्शन करते हुए अपने लिए एक अलग स्थान हासिल किया है। उन्होंने अपनी जर्नी की शुरूआत पेरिस के प्रख्यात ले कॉर्डन ब्लू से शिक्षा हासिल करके की। जिसके बाद उन्होंने महज 22 साल की उम्र में एक अभूतपूर्व वेंचर 'डज़र्ट पैटिसरी एंड कैफे' की स्थापना की।
जयपुर में स्थित 'डज़र्ट पैटिसरी एंड कैफे' ने शहर की पहली स्टैंडअलोन फ्रेंच पेटिसरी के रूप में गौरव हासिल किया। शेफ चंदेला की उल्लेखनीय उपलब्धियों ने उन्हें पेस्ट्री और चॉकलेट विशेषज्ञता के ऐसे मुकाम पर पहुंचा दिया है, जिससे वह भारत की टॉप पेस्ट्री शेफ में से एक बन गई हैं। गौरतलब है कि तेजस्वी स्थानीय और स्वदेशी इंग्रेडिएंट्स, पारंपरिक भारतीय मिठाई वालों और उनके अनूठे तरीकों से प्रेरणा लेकर इसे मॉर्डन पेस्ट्री तकनीकों के साथ जोड़कर इनोवेटिव पेस्ट्रीज तैयार करती हैं।