राजस्थान में पंचायत चुनाव के तहत शुक्रवार को मतदान संपन्न हुआ। शाम छह बजे तक के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बाड़मेर जिले की डूंगेरो का तला पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 90.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद शिव में 89.86 और बाड़मेर ग्रामीण में 89.26 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। कई अन्य पंचायत समितियों में भी मतदान का प्रतिशत 85 से अधिक रहा।
बाड़मेर जिले की बात करें तो डूंगेरो का तला के अलावा शिव, बाड़मेर ग्रामीण, बाटाडू, बिशाला और भीयाड़ में भी भारी मतदान दर्ज किया गया। बाटाडू में 88.63, बिशाला में 88.61 और भीयाड़ में 88.24 प्रतिशत वोट पड़े।
बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर में ज्यादा मतदान
सबसे ज्यादा मतदान वाली पंचायत समितियों में बाड़मेर और जोधपुर के कई क्षेत्र शामिल रहे। बीकानेर जिले की बज्जू खालसा पंचायत समिति में 89.33 प्रतिशत और बीठनोक में 86.75 प्रतिशत मतदान हुआ।
जोधपुर जिले की उम्मेदनगर पंचायत समिति में 88.29 प्रतिशत, बावड़ी में 88.28, हटूंडी में 87.82, मंडोर में 87.81 और भोपालगढ़ में 87.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कपर्दा में 86.25, समराऊ में 86.39 और केरू में 85.90 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
अलवर जिले की उमरैण पंचायत समिति में 84.31 प्रतिशत मतदान हुआ। मालाखेड़ा में 84.03 और थानागाजी में 83.81 प्रतिशत वोट पड़े।
यह भी पढें-
जयपुर: पंचायत चुनाव में दोपहर तीन बजे तक 60.57 प्रतिशत औसत मतदान, रामपुरा डाबड़ी सबसे आगे
जयपुर में रामपुरा डाबड़ी सबसे आगे
जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में रामपुरा डाबड़ी में सबसे ज्यादा 84.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाहपुरा में 82.63, जालसू में 82.49, आमेर में 82.09 और अमरसर में 80.94 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
जालोर की पंचायत समितियों में सबसे कम मतदान
उपलब्ध आंकड़ों में सबसे कम मतदान जालोर जिले की आहोर पंचायत समिति में दर्ज किया गया, जहां 60.94 प्रतिशत वोट पड़े। उम्मेदाबाद में 60.99 और जालोर पंचायत समिति में 61.14 प्रतिशत मतदान हुआ।
पाली जिले की देसूरी पंचायत समिति में 63.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उदयपुर जिले की गोगुंदा पंचायत समिति में 64.91 प्रतिशत और डूंगरपुर की आसपुर पंचायत समिति में 67.72 प्रतिशत वोट पड़े।