पूर्ववर्ती सरकार में हुई राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण को लेकर आज SOG ने 5 नए ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और हिरासत में ले लिए हैं। इन 5 ट्रेनी एएसआई में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। एसओजी की टीम फिलहाल इन पांचों से पूछताछ कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एसओजी द्वारा हिरासत में लिए गए ट्रेनी एसआई में RPSC के पूर्व सदस्य का बेटा और बेटी भी शामिल हैं। हालांकि SOG ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है और ना ही अभी तक हिरासत में लिए गए अन्य ट्रेनी एसआई के नामों का खुलासा किया गया है।
अब तक 30 से ज्यादा ट्रेनी हिरासत में
पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में 2021 में हुई सब इंस्पेक्टर परीक्षा में पेपर लीक, डमी कैंडिडेट बैठाने के साथ-साथ परीक्षा में धांधली के आरोप लगे थे। मौजूदा सरकार ने आते ही इस मामले की जांच एसओजी को दे दी थी। एसओजी ने मामले की जांच करते हुए अब तक करीब 30 से अधिक ट्रेनी एसआई को अलग-अलग समयों पर हिरासत में लेते हुए गिरफ्तार किया है।