मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 'X' पर किया गया पोस्ट सियासी गलियारों में बहुत चर्चाओं में आ गया। केंद्रीय बजट में बिहार के लिए घोषित की गई सड़क परियोजनाओं पर खुशी जताते हुए भजनलाल शर्मा ने अपने 'एक्स' अकाउंट पर इन परियोजनाओं का नाम लिखते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को टैग किया और साथ में ‘BuudgetForViksitBharat’ का हैश टेग भी जोड़ा था। बाद में विपक्ष ने इसे ये कहते हुए मुद्दा बना दिया कि राजस्थान को बजट में क्या मिला, यह भी सीएम को बताना चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री के 'X' अकाउंट से ये पोस्ट तो डिलीट हो गया, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे को लेकर लगातार सवाल पूछ रहा है।
डोटासरा ने लिखा…बिहार छोड़िए, राजस्थान का बताइए...
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसके जवाब में 'X' पर सीएम से राजस्थान को लेकर की गई घोषणाओं के बारे में पूछा। डोटासरा ने लिखा… मुख्यमंत्री जी…बिहार छोड़िए, राजस्थान का बताइए! डबल इंजन की सरकार में राजस्थान को क्या मिला? सच तो यह है कि बजट में राजस्थान को कुछ नहीं मिला। बस दिल्ली से 'पर्ची' आई तो आपने 'X' पर पोस्टर कर दिया और जब जनता ने सवाल पूछा तो आपने पोस्ट डिलीट कर दिया।
संसद में बोले हनुमान सीएम को पोस्ट डिलीट करना पड़े यह ठीक नहीं
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने संसद में बजट पर बहस के दौरान इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री ने बिहार की सड़क परियोजनाओं को लेकर 'X' पर पोस्ट किया, लेकिन जब आलोचना हुई तो उनको लगा कि चूक हो गई। बेनीवाल बोले वहां तो आपकी सरकार थी और आपकी सरकार जहां हैं वहां सीएम को व्यथित होकर पोस्ट डिलीट करना पड़े यह ठीक नहीं है।