राजस्थान में लोकसभा आम चुनाव 2024 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रथम एवं द्वितीय चरण के मतदान दिवस को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 22 मार्च 2024 को जारी आदेश की अनुपालना में मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। गुप्ता ने बताया कि राजस्थान के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी राज्य में मतदान के दिन सूखा दिवस रहेगा। सभी सीमावर्ती राज्यों में मतदान दिवस पर निजी एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के श्रमिकों को सवैतनिक अवकाश मिलेगा। इस संबंध में सीमावर्ती राज्यों ने भी सार्वजनिक अवकाश एवं सवैतनिक अवकाश के आदेश जारी कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024 एवं द्वितीय चरण के लिए संबंधित लोकसभा क्षेत्रों में 26 अप्रैल को मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ऐसे कार्मिक जो राजस्थान राज्य के किसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य तौर पर निवासी हैं और मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, राजस्थान राज्य के ही अन्य लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में कार्यरत हैं तथा ऐसे कार्मिक जो अन्य राज्य के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य तौर पर निवासी हैं और मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं। ऐसे कार्मिक को मतदान हेतु आवेदन करने पर मतदान तिथि को सवैतनिक अवकाश स्वीकृत करने हेतु विभिन्न विभागों, उपक्रमों, बोर्ड एवं निगमों आदि के विभागाध्यक्ष भी प्राधिकृत होंगे।
उन्होंने कहा कि वित्त (मार्गोपाय) विभाग की 19 मार्च 2024 को जारी अधिसूचना की अनुपालना में मतदान दिवस पर संबंधित विधानसभा क्षेत्र स्थित कार्यालयों में पराक्रम्य लिखित अधिनियम, 1881 के तहत अवकाश रहेगा। वहीं, श्रम विभाग द्वारा 19 मार्च 2024 को जारी आदेश के तहत जिले के समस्त विधानसभा क्षेत्र स्थित निजी या सार्वजनिक प्रतिष्ठानों, दुकान, औद्योगिक उपक्रम या कारोबार, व्यवसाय में कार्यरत कामगारों को मतदान दिवस का सवैतनिक अवकाश देय होगा। साथ ही ऐसे कामगार जो जिले की लोकसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकृत हैं, परन्तु निर्वाचन क्षेत्र के बाहर कार्यरत हैं, उन्हें अपने मतदान क्षेत्र में मतदान हेतु मतदान दिवस का सवैतनिक अवकाश देय होगा।
अब तक 10 प्रत्याशियों ने किए 20 नामांकन
लोकसभा चुनाव 2024 के तहत द्वितीय चरण के 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को तीन प्रत्याशियों द्वारा सात नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। अब तक 10 प्रत्याशियों ने 20 नामांकन प्रस्तुत किए हैं। पांच लोकसभा क्षेत्रों में कोई भी नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि द्वितीय चरण के लिए शुक्रवार को अजमेर में 1 प्रत्याशी ने 4 नामांकन, राजसमंद में 1 प्रत्याशी ने 2 नामांकन, भीलवाड़ा में 1 नामांकन दाखिल किया। अब तक बाड़मेर लोकसभा क्षेत्र से सर्वाधिक 2 प्रत्याशियों ने 5 नामांकन प्रस्तुत किए हैं। उदयपुर एवं अजमेर में अब तक एक-एक प्रत्याशी ने 4-4 नामांकन प्रस्तुत किए हैं। भीलवाड़ा में अब तक 2 प्रत्याशी 2 नामांकन पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। जालौर, चित्तौड़गढ़ एवं कोटा में अब तक 1-1 प्रत्याशी ने 1-1 नामांकन प्रस्तुत किया है।
शुक्रवार को अजमेर से इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी, राजसमंद से बहुजन समाज पार्टी के नीरूराम कापड़ी और भीलवाड़ा से बहुजन मुक्ति पार्टी के मोतीलाल सिंघानिया ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। अब तक बाड़मेर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी एवं निर्दलीय प्रत्याशी हरपाल सिंह राजपुरोहित, जालोर से भाजपा प्रत्याशी महेन्द्र के चौधरी, उदयपुर से भाजपा प्रत्याशी मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ से पहचान पीपल्स पार्टी के मोहम्मद वाहिद खान, भीलवाड़ा से राइट टू रिकॉल पार्टी के पवन कुमार शर्मा एवं कोटा से राइट टू रिकॉल पार्टी के प्रत्याशी तरूण गोचर भी नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
अब तक लोकसभा क्षेत्रवार कुल प्रत्याशी
टोंक-सवाईमाधोपुर: 0
अजमेर: 1
पाली: 0
जोधपुर: 0
बाड़मेर: 2
जालौर: 1
उदयपुर: 1
बासंवाड़ा: 0
चितौड़गढ़: 1
राजसमंद: 1
भीलवाड़ा: 2
कोटा: 1
झालावाड़-बारां: 0
13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा
दूसरे चरण में 13 लोकसभा क्षेत्रों टोंक-सवाईमाधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बासंवाड़ा, चितौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां में 26 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान की अवधि सुबह 7 बजे से 6 बजे तक रहेगी। 4 अप्रैल तक नामांकन किए जा सकेंगे। 5 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 8 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतगणना 4 जून को होगी।
15 जिलों में 10 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती
राजस्थान में अलग-अलग एनफोर्समेंट एजेंसियों ने मार्च महीने की शुरुआत से अब तक नशीली दवाओं, शराब, कीमती धातुओं, मुफ्त बांटी जाने वाली वस्तुओं (फ्रीबीज) और अवैध नकद राशि के रूप में 350 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की जब्तियां की हैं। निर्वाचन विभाग के निर्देश पर लोकसभा आम चुनाव-2024 के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद 16 मार्च से अब तक एजेंसियों द्वारा पकड़ी गई वस्तुओं की कीमत 252 करोड़ रुपये से ज्यादा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में अलग-अलग एजेंसियां चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से संदिग्ध वस्तुओं और धन के अवैध उपयोग पर कड़ी निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में प्रदेश भर में लगातार जब्ती की कार्रवाई की जा रही हैं। 1 मार्च से अब तक राजस्थान में 15 जिलों में 10-10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संदिग्ध वस्तुएं अथवा नकद बरामद हुआ है।
जिलेवार जब्ती (राशि करोड़ रुपये में)
जोधपुर: 34.54
जयुपर: 24.67
पाली: 21.35
उदयपुर: 21.40
भीलवाड़ा: 15.74
बाडमेर 15.29
झुंझुनूं: 14.19
श्रीगंगानगर: 13.89
चूरू: 13.34
बीकानेर: 12.39
अलवर: 11.53
हनुमानगढ़: 11.43
चित्तौड़गढ़: 11.40
अजमेर: 10.44
सीकर: 10.28
गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में अलग-अलग एजेंसियों की ओर से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, 1 मार्च, 2024 से अब तक 18 करोड़ 54 लाख रुपये नकद, लगभग 79 करोड़ 78 लाख रुपये मूल्य की ड्रग्स, लगभग 22 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत की शराब और 35 करोड़ 53 लाख रुपये मूल्य की सोना-चांदी जैसी कीमती धातुओं की जब्ती की गई है। साथ ही, 193 करोड़ 17 लाख रुपये कीमत की अन्य सामग्री तथा 1 करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक कीमत की मुफ्त वितरण की वस्तुएं (फ्रीबीज) भी जब्त की गई हैं।
उपरोक्त वस्तुओं के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करने वाली कार्यकारी एजेंसियों में राज्य पुलिस, राज्य एक्साइज, नारकोटिक्स विभाग एवं आयकर विभाग प्रमुख हैं। इन जांच एवं निगरानी एजेंसियों और विभागों द्वारा प्रदेश भर में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संदेहास्पद मामले पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 3 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए
लोकसभा आम चुनाव 2024 के प्रथम चरण में चूरू लोकसभा क्षेत्र से एक अभ्यर्थी ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया है। इसके साथ ही, प्रथम चरण के 12 लोकसभा क्षेत्रों में से 2 के कुल 3 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को चूरू से निर्दलीय प्रत्याशी बंशीलाल ने नामांकन वापस लिया है। इससे पूर्व गुरुवार को जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से राजस्थान राज पार्टी के प्रत्याशी दुलीचंद सैनी और निर्दलीय महिला प्रत्याशी प्रेम मीणा ने नाम वापस लिए हैं। प्रथम चरण के चुनाव के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तारीख शनिवार 30 मार्च है। इस चरण के लिए मतदान 19 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 जून को होगी।