राजस्थान विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस लगातार एक के बाद एक गारंटी लांच कर रही है। बीजेपी इन गारंटियों पर सवाल उठा रही है। वहीं, एआईसीसी के मीडिया कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने पूछा कि बीजेपी को गारंटी शब्द से इतनी नफरत क्यूं है।
बता दें कि खेड़ा बुधवार को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। खेड़ा ने कहा कि समझ नहीं आता बीजेपी के नेताओं को इस गारंटी से क्या परेशानी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं के बच्चे अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा लेकर विदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं और गर्व के साथ भाजपा नेता अपने बच्चों की फोटो यह दर्शाते हुए सोशल मीडिया पर डालते हैं कि मेरा बच्चा विदेश में पढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को यह तकलीफ है कि राजस्थान में एक गरीब, मजदूर, किसान का बेटा अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा लेकर कहीं अंग्रेजी में इनके बच्चों से बात करते हुए मुकाबला न करने लग जाए।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के नेताओं को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा की गारंटी से आपत्ति है तो विरोध करने से पूर्व अपने बच्चों को विदेशों से वापस बुलाएं, उसके पश्चात् अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा का विरोध करें। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता समझदार है, वो गहलोत सरकार की गारंटी व कार्यों पर वोट करेगी तथा प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनाएगी।