राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर से हुआ, जिसमें बस चालक की मौत हो गई और 21 यात्री घायल हुए। दूसरे हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की जान चली गई। तीसरे हादसे में कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें चार लोग घायल हुए।
बस ने आगे चल रहे ट्रक को मारी टक्कर
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, पहला हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास हुआ, जहां अहमदाबाद से दिल्ली जा रही स्लीपर बस ने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक सुरेंद्र सिंह राजपूत (46) की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक्सप्रेसवे किनारे खड़े युवकों को ट्रक ने कुचला
सरा हादसा नांगल राजावतान थाना क्षेत्र के चुड़ियावास गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, दौसा से लालसोट की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने एक्सप्रेसवे की रेलिंग के पास खड़े दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय साहिल मीणा और 22 वर्षीय महेंद्र मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
नांगल राजावतान थाना प्रभारी हुसैन अली ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:
जयपुर में दर्दनाक हादसा: बारिश के पानी से भरे निर्माणाधीन मकान के गड्ढे में डूबे दो मासूम भाई-बहन
कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
तीसरा हादसा सदर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। यहां एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में जयपुर निवासी लोकेश सिंह (25), पीयूष अग्रवाल (27), रुचिर व्यास (25) और विनीत वर्मा (43) घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक्सप्रेसवे पर लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
एक ही दिन में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तीन अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस सभी हादसों की जांच कर रही है।