रितु बराला के साथ दिल्ली पुलिस की कथित मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर गोविंद सिंह डोटासरा पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
एनएसयूआई कार्यकर्ता रितु बराला के साथ दिल्ली में कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला अब राजस्थान में भी तूल पकड़ रहा है। रितु की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सोमवार को पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से साफ कहा कि एफआईआर दर्ज करना रितु का अधिकार है, कोई मेहरबानी नहीं। डोटासरा ने चेतावनी दी कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, वे कमिश्नरेट में ही धरने पर बैठे रहेंगे।
डोटासरा ने पुलिस कमिश्नर से फोन पर भी बात की और सवाल उठाया कि जब दूसरे राज्य में इस मामले में एफआईआर दर्ज हो सकती है, तो राजस्थान में ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तक जाएंगे, लेकिन रितु को न्याय दिलाने की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान दुर्व्यवहार का आरोप
रितु बराला हाल ही में दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। रितु का आरोप है कि इस दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। घटना के बाद उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी।
इसके बाद राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को फोन कर रितु के साथ मिलकर दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद डोटासरा आज सोमवार शाम रितु के मामले में कार्रवाई की मांग लेकर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे।
डोटासरा बोले- न्याय की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे
डोटासरा ने सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजस्थान की बेटी के साथ कथित बर्बरता के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वाली बेटियों के साथ दुर्व्यवहार के बाद न्याय की प्रक्रिया में भी बाधा आ रही है।
डोटासरा ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय होने तक कांग्रेस विरोध जारी रखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस मामले में संघर्ष करेगी और सत्ता के दबाव में पुलिस को अपने कानूनी दायित्व से पीछे नहीं हटना चाहिए।
कमरा नंबर 9 में बैठाया
खबर लिखे जाने तक कांग्रेस पदाधिकारियों ओर रितु बराला को कमिश्नरेट के कमरा नंबर 9 में बैठाया गया है। उन्हें वहां इंतजार करने के लिए कहा गया है। डोटासरा ने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती तब तक हम यहां से हिलने वाले नहीं हैं।