राजस्थान में तबादलों को लेकर सरकार भारी कंफ्यूजन में नजर आ रही है। प्रदेश की भजनलाल सरकार पहले तबादले नहीं करने को लेकर निशाने पर थी, लेकिन अब तबादला सूचियों में कंफ्यूजन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी महीने में ब्यूरोक्रेसी की बड़ी सर्जरी करने की कोशिश की गई, लेकिन आईएएस और आरएएस तबादलों में कई निरस्त करने पड़े और कई अफसर फिर से बदल दिए गए।
आईएएस में 22 अफसर फिर बदले
आईएएस अफसरों की पहली ट्रांसफर लिस्ट पांच सितंबर को जारी की गई थी। इस सूची में 108 अफसरों को बदला गया था। लेकिन 22 सितंबर को पिछली सूची वाले 22 IAS अफसरों के ट्रांसफर फिर से कर दिए गए। वहीं, एक तबादला निरस्त भी किया गया।
आईएएस में इन अफसरों को बदला
भवानी सिंह देथा, हरिमोहन मीणा, पीयुष सामरिया, राजेंद्र कुमार, शुभम चौधरी, आशीष मोदी, अरुण कुमार हसीजा, अतुल प्रकाश। इनके अलावा 8 एडिशनल चार्ज भी दिए गए।
RAS में भी कई तबादले फिर से, सीएमओ से दो बाहर
RAS अफसरों के भी 17 दिन में दूसरी बार तबादले कर दिए गए। सोमवार रात को जो सूची जारी की गई, इनमें कई अफसरों को फिर से बदल दिया गया। जैसलमेर जिला परिषद के सीईओ मुकेश चौधरी ने कल ही अपना चार्ज लिया था और कल ही उनका फिर से ट्रांसफर हो गया। पिछली लिस्ट में उनको डूंगरपुर से ट्रांसफर करके जैसलमेर जिला परिषद का सीईओ बनाया गया था। अब मुकेश चौधरी का ट्रांसफर करके पाली जिला परिषद का सीईओ बनाया गया है।
सीएमओ से भी दो बड़े बदलाव
मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव जसवंत सिंह का भी ट्रांसफर किया गया है। उन्हें बीकानेर के अतिरिक्त संभागीय आयुक्त के पद पर लगाया गया है। पिछली सूची में मोहन दान रत्नू को सीएमओ में उप सचिव लगाया गया था। नई सूची में यह तबादला भी निरस्त कर दिया गया। वहीं, राम सिंह गुर्जर को देवनारायण बोर्ड में उपसचिव लगाया गया था उनका ट्रांसफर भी निरस्त कर दिया गया।
पीएचईडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी के स्पेशल असिस्टेंट लोकेश कुमार सहल को पीएचईडी के संयुक्त सचिव के पद पर लगाया गया है। वहीं, PHED के उप सचिव शंकरलाल सैनी को कन्हैया लाल चौधरी का नया विशिष्ट सहायक बनाया गया है। वन मंत्री संजय शर्मा के पीएस डॉ. भास्कर बिश्नोई का भी तबादला कर दिया गया। इनके अलावा राजेश सिंह, विवेक कुमार, रामलाल गुर्जर, सुरेश कुमार नवल, सुनील भाटी, प्रदीप सिंह सांगावत, डॉ. विरेंद्र सिंह, संजू शर्मा की भी बदली की गई है।