भजनलाल सरकार ने गन्ना खरीद का रेट बढ़ाया
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रदेश में गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने प्रति क्विंटल गन्ने की खरीद का मूल्य 11 रुपये बढ़ा दिया है। वित्त राजस्व विभाग की ओर से इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार का यह कदम लोकसभा चुनावों को देखते हुए अहम माना जा रहा है।
राजस्थान में गंगानगर, हनुमानगढ़ में किसान बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती करते हैं। लोकसभा चुनावों को देखते हुए बीजेपी पश्चिमी राजस्थान के इन इलाकों पर विशेष फोकस कर रही है। क्योंकि विधानसभा चुनावों में यहां पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। यहां तक की विधानसभा चुनाव जीत कर सत्ता में आने के बाद बीजेपी अपना पहला उपचुनाव भी हार गई। गंगानगर की श्रीकरणपुर विधानसभा पर हुए उपचुनाव में बीजेपी के मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी हार गए थे।
इसकी वजह किसान आंदोलन की नाराजगी बताई जा रही है। पश्चिमी राजस्थान में आने वाले गंगानगर और हनुमानगढ़ पर पंजाब का काफी प्रभाव देखने को मिलता है। भावनात्मक रूप से वहां के मुद्दे यहां के चुनावों को प्रभावित करते हैं। इसलिए सरकार का यह कदम किसानों की नाराजगी दूर करने के रूप में देखा जा रहा है।