चंदवाजी थाना क्षेत्र में स्थित निम्स यूनिवर्सिटी में बीटेक प्रथम वर्ष के एक छात्र ने हॉस्टल की पंद्रहवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक छात्र की पहचान उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी 18 वर्षीय आदित्य तिवारी के रूप में हुई है। आदित्य निम्स यूनिवर्सिटी में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पंद्रहवीं मंजिल से कूदने से हुई मौत
आदित्य निम्स यूनिवर्सिटी के गार्नेक हॉस्टल में अपने रूम पार्टनर मयंक यादव और अंकित सिंह के साथ रहता था। हादसे के समय दोनों रूम पार्टनर कमरे में मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि दोनों कॉलेज के बाहर घूमने गए हुए थे। इसी दौरान उसने मंगलवार देर शाम को हॉस्टल की पंद्रहवीं मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण आदित्य ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो दिनों से नहीं जा रहा था कॉलेज
पुलिस के मुताबिक, आदित्य पिछले दो दिनों से कॉलेज भी नहीं जा रहा था। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। लेकिन मोबाइल लॉक होने के कारण फिलहाल उसकी जांच नहीं हो सकी है। पुलिस मोबाइल की जांच के साथ ही जान देने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल छात्र के जान देने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस विभिन्न एंगल से मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें:
बुटाटी मंदिर के चढ़ावे पर उठे सवाल, अध्यक्ष समेत 11 पर एफआईआर; 22.74 करोड़ की वित्तीय अनियमितता का आरोप
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
चंदवाजी थानाधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि आदित्य के शव को निम्स हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। आदित्य के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों से भी पूछताछ कर रही है ताकि आदित्य की मानसिक स्थिति और पिछले दो दिनों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।