भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बार-बार राजस्थान की जनता को डर दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, वो अपने हर भाषण के अंदर महंगाई राहत शिविरों में जनता से कहते हैं कि हमारी लोक कल्याणकारी योजनाओं को भाजपा सरकार आ गई तो वो बंद कर देगी।
मैं प्रदेश की जनता को इतना कहना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की योजनाओं को कांग्रेस सरकार ने बंद करने का काम किया है। कभी भी भाजपा ने कांग्रेसी सरकार की योजनाओं को बंद करने का काम नहीं किया है। इसके एक नहीं अनेक उदाहरण इस बात के हैं कि 2018 के अंदर जैसे ही भाजपा की सरकार गई, उसके बाद में भाजपा की लोक कल्याणकारी योजना भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना को बंद करने का काम किया। स्टेट रोड पर टोल फ़्री योजना लागू थी सरकार ने आते ही इस योजना को बंद करने का काम किया। आज प्रदेश का प्रत्येक बाशिंदे को सभी स्टेट रोड पर टोल देना पड़ रहा है।
अन्नपूर्णा रसोई योजना बंद की गई
अन्नपूर्णा रसोई योजना को भी राजस्थान सरकार ने बंद करने का काम किया। उन्होंने गौरव पथ योजना जो ग्राम पंचायतों के अंदर सड़कें बनाने का काम किया जा रहा था उस योजना को भी सरकार ने बंद किया है। मुख्यमंत्री दुग्ध योजना जिसके अंतर्गत विद्यालयों में बच्चों को ताज़ा दूध पिलाने का काम किया जा रहा था, उस योजना को सरकार ने आते ही बंद करने का काम किया। इसके अलावा विद्युत बिलों के अंदर सब्सिडी योजना को भी सरकार ने पौने तीन सालों तक बंद रखने का काम किया। इसलिए राजस्थान की जनता यह जानती है कि कौन सी सरकार लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने का काम करती है और कौन सी सरकार योजनाओं को बंद करने का काम करती है।