जयपुर हरमाड़ा हादसे में 14 मौतों के बाद ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज और एएसआई सस्पेंड किए गए। डंपर गलत दिशा में तेज रफ्तार से घुसा। सीएम भजनलाल शर्मा ने नो एंट्री में भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई, ओवरस्पीड चालकों के लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए।
हरमाड़ा हादसे की गाज आखिर ट्रैफिक पुलिस पर गिर गई। देर रात सरकार ने इस घटना को लेकर ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज व एएसआई को सस्पेंड कर दिया। जिस डंपर (RJ14-GP-8724) के कुचलने से 14 लोगों की मौत हो गई वो अलंकार कंस्ट्रक्शन कंपनी के नाम पंजीकृत है। इस कंपनी का ऑफिस जयपुर में विद्याधर नगर के बालाजी टॉवर में स्थित है। डंपर का रजिस्ट्रेशन 15 फरवरी 2023 को हुआ था।
(यही डंपर कल राजधानी की सड़कों पर यमराज बना था, जिसने 13 लोगों की जान ले ली...)
नो एंट्री जोन में भारी वाहन आने पर हो सख्त कार्रवाई
ओवरस्पीड के बार-बार चालान होने पर लाइसेंस हो निरस्त
मुख्यमंत्री ने परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरस्पीड के बार-बार चालान होने पर वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त किया जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत प्रदेश में चिन्हित ब्लैक स्पॉटों को शीघ्र ठीक करवाने एवं राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गाें पर अवैध कट को शीघ्र बंद करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जयपुर-कोटा, जयपुर-दिल्ली, जयपुर-अजमेर व जयपुर-भरतपुर हाईवे पर वाहन चालकों के लिए नवीन आरामस्थलों के लिए जमीन चिन्हित कर बनवाने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि हादसे के दौरान डंपर चालक ने भी शराब पी रखी थी।