फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयपुर: दुकानदार पर जानलेवा हमला, पहले दुकान में तोड़फोड़ की, फिर साथियों के साथ लौटकर की फायरिंग; तीन गिरफ्तार

Thu, 19 Nov 2026 08:31 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर के नारायण विहार में नौकरी से हटाने की पुरानी रंजिश में एक दुकानदार पर फायरिंग की गई। आरोपियों ने पहले दुकान में तोड़फोड़ की, फिर सुबह साथियों के साथ लौटकर गोलियां चलाईं। दुकानदार बाल-बाल बचा। पुलिस ने 36 घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जयपुर के नारायण विहार में पुरानी रंजिश के चलते एक दुकानदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले आधी रात को दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और धमकी देकर चले गए। इसके बाद तड़के चार-पांच बजे मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ दोबारा पहुंचा। दुकानदार ने आवाज सुनकर जैसे ही गेट खोला, आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दुकानदार गोली लगने से बच गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन जनों को 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, वारदात नारायण विहार के बी ब्लॉक में हरिओम धर्मकांटा के पास स्थित निरंकार बजरी सप्लायर्स की दुकान पर हुई। दुकानदार महेंद्र प्रताप सिंह भाटी ने 17 नवंबर को नारायण विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि सचिन शर्मा पहले इसी दुकान पर काम करता था। काम से हटाए जाने के बाद से वह उससे रंजिश रखने लगा था।

पहले तोड़फोड़, फिर साथियों के साथ लौटकर की फायरिंग

परिवादी के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे सचिन शर्मा दुकान पर आया। उसने गाली-गलौज करते हुए वहां खड़े लोडिंग वाहनों में तोड़फोड़ की और धमकी देकर चला गया। इसके बाद तड़के करीब चार से पांच बजे वह अपने चार-पांच साथियों के साथ फिर पहुंचा। इस बार आरोपियों ने दुकान के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

आवाज सुनकर दुकानदार ने जैसे ही दुकान का गेट खोला, सचिन और उसके साथियों ने उस पर जानलेवा हमला करते हुए तीन-चार राउंड फायर किए। दुकानदार ने किसी तरह खुद को बचाया। मौके पर गोलियों के खोखे मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

विज्ञापन


यह भी पढें- राजस्थान: आईएएस शिखर अग्रवाल समेत गोयल फैशंस के निदेशकों पर शिकंजा, एसीबी में एफआईआर दर्ज

2023 से शुरू हुई रंजिश, फोन पर विवाद के बाद बनाई हमले की योजना

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सचिन शर्मा वर्ष 2023 तक इसी दुकान पर काम करता था। उसने विशाल शर्मा को भी दुकान पर काम पर लगवाया था, लेकिन बाद में विशाल उसके खिलाफ हो गया। वर्ष 2025 में सचिन और विशाल के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद सचिन अपने दोस्तों के साथ दुकान पर बातचीत करने पहुंचा था, जहां विशाल और महेंद्र प्रताप सिंह के साथ उसका झगड़ा और मारपीट हुई थी।

तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। 16 नवंबर को भी विशाल से फोन पर सचिन की गाली-गलौज हुई थी। इसके बाद सचिन पहले अकेले दुकान पर पहुंचा और तोड़फोड़ की। दुकानदार और विशाल के बाहर नहीं आने पर वह लौट गया। बाद में फिर फोन पर विवाद हुआ तो सचिन अपने साथियों के साथ दोबारा पहुंचा और फायरिंग कर दी।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बनाई संयुक्त टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज के निर्देश पर एसीपी मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा और नारायण विहार थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम बनाई गई। एफएसएल और मोबाइल यूनिट से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन शर्मा, अनुपम सिंह और अभिषेक शर्मा को 36 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सचिन शर्मा (32), निवासी प्रताप नगर, अनुपम सिंह (27), निवासी भरतपुर और अभिषेक शर्मा (28), निवासी वजीरपुर, सवाई माधोपुर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 324(2), 189(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें