सोने के बाद अब चांदी भी चांद की ऊंचाई छूने के लिए दौड़ पड़ी है। राजधानी जयपुर में चांदी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। सोमवार को जयपुर में चांदी की कीमतें अपने अब तक के उच्चतम स्तर 1 लाख 926 रुपये तक बेची गई।
शुक्रवार को भारतीय बाजार बंद होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स में जहां पांच वर्ष बाद 33/77 डॉलर बिका, वहीं इसके निकट भविष्य में 35 डॉलर जाने से इंकार नहीं किया जा सकता है। बाजार जानकारों के अनुसार दीपावली पूर्व इसे नई उंचाई छूते देखा जा सकता है।
सर्राफा कारोबारी अश्विनी तिवाड़ी बताते हैं कि टेक्निकल चार्ट को देखें तो कॉमेक्स में चांदी 35 डॉलर को पार करती दिख रही है। हालांकि 2011 में चांदी 49 यूएस डॉलर के भाव पर कॉमेक्स में बिक चुकी है लेकिन करंसी डिफरेंस के चलते जयपुर के बाजार में यह चांदी का अब तक का सबसे ऊंचा भाव है।
एक महीने में कितना आया फर्क
बीते एक महीने में जयपुर में चांदी के भावों में 9 हजार 600 रुपये प्रतिकिलो की तेजी आ चुकी है। जयपुर सराफा बाजार के 21 सितंबर के चांदी के भाव 91,250 रुपये प्रतिकिलो थे और आज सुबह 21 अक्टूबर को चांदी आरटीजीएस में 1 लाख 826 रुपये तथा ऑप्शन में 1 लाख 926 रुपये प्रतिकिलो पर बिकी है।
चांदी में निवेश बढ़ा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के साथ चांदी की कीमतों में तेजी की वजह इसमें बढ़ता निवेश है। वहीं सोने की कीमतें ज्यादा होने की वजह से मध्यम वर्ग अब चांदी में ज्यादा निवेश करने लगा है। इसके चलते राजस्थान में भी चांदी की डिमांड में तेजी आई है।