जयपुर की मुहाना थाना पुलिस ने की महाराष्ट्र के व्यापारी की किडनैपिंग और फिरौती की वारदात का खुलासा करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 26 मई 2023 को मुहाना थाना क्षेत्र में यह वारदात हुई थी। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण IPS ऑफिसर योगेश गोयल ने बताया, 26 मई 2023 को मुहाना थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र के एक व्यापारी का अपहरण कर फिरौती वसूली की वारदात के आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिल गई है।
इस घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाकर गिरफ्तार करने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त भरतलाल मीणा के निर्देशन और आईपीएस अभिषेक शिवहरे सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर जयपुर के मार्गदर्शन में थाना मुहाना अधिकारी दिलीप सिंह पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस थाना मुहाना और डीएसटी टीम जयपुर दक्षिण के चुनिन्दा पुलिस कर्मियों की टीम का गठन किया गया। टीम ने अपने ह्यूमन सोर्सेस और टेक्नीकल सोर्स दोनों का इस्तेमाल कर इन्फॉर्मेशन जुटाई, जिनके आधार पर घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों का पता लगाकर अपराधी विकास चौधरी, दुर्गेश्वर और सोनाली को गिरफ्तार किया है। आरोपीगण से पूछताछ जारी है।
ये हुई थी वारदात...
28 मई 2023 को परिवादी लेख प्रज्ज्वल मिठावाला पुत्र प्रज्ज्वल कांतिलाल मिठावाला ने प्रकरण दर्ज करवाया था कि मैं बिज़नेस के सिलसिले में औरगंबाद महाराष्ट्र से जयपुर आया हुआ था। इसी दौरान 26 मई 2023 को होटल ग्रीन ऑलीव इस्कॉन रोड, मानसरोवर में रुका हुआ था। रात में करीब 12:30 बजे होटल के पास से मुझे तीन लड़कों ने जबरदस्ती हुंडई वर्ना कार में बैठाया। थोडी दूर जाने के के बाद बाद वो मुझे मारने-पीटने लगे। उन्होंने मुझसे जान बख़्शने के लिए 15 लाख रुपये की मांग की। जब उन्हें पता चला कि मेरे पास पैसे नहीं हैं। तब वो मुझे सुनसान हाइवे पर ले गए और बारी-बारी से मारने लगे। इसके बाद मुझे गाडी में बैठाया और मेरे घरवालों से पैसे मंगवाने को कहा। मेरा मोबाइल आने पास रख लिया था। मेरी आंख पर पट्टी बांधकर किसी प्लॉट में ले गए। जहां पहले से ही एक और लडका था। यहां पर भी बार-बार मारने लगे और मेरा मोबाइल खोलकर बैंक अकांउट टटोलने लगे।
मेरे पेटीएम अकाउंट से 3400 रुपये अपने किसी अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए। इसी वक्त मेरे फोन में मेरे लोकेशन ट्रैकिंग का नोटिफिकेशन एक लड़के ने देखकर बोला कि अपना लोकेशन ट्रैक हो रहा है और वो तुरन्त वहां से मुझे बाहर ले आए। यहां पर मुझे मारुति स्विफ्ट गाड़ी में बैठाया। उन्होंने मेरे बैग को टटोला, तो कपड़ों के बीच में रखे 40 हज़ार रुपये, पर्स में रखे 1500 रुपये, यस बैंक का डेबिट कार्ड, पेटीएम बैंक का डेबिट कार्ड और यस बैंक का एक चैक साथ में ले गए। मेरा मोबाइल शाओमी 12 लेकर इन चारों ने मेरे कपड़े निकालकर जबरदस्ती मेरा वीडियो बनाया और कहलवाया कि मैंने तीन लड़कियों का दुष्कर्म किया है।
अन्य राज्यों से आए व्यापारियों को लडकी सप्लाई करने के बहाने चंगुल में फंसाते हैं आरोपी...
पीड़ित व्यापारी की इस रिपोर्ट पर मुकदमा नम्बर 640/23 धारा 323, 341, 384, 34 आईपीसी में रजिस्टर्ड कर इन्वेस्टिगेशन शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पड़ताल में सामने आया कि आरोपी अन्य राज्यों से आये व्यापारियों को लडकी सप्लाई करने के बहाने चंगुल में फंसाते हैं। आरोपी व्यापारियों की रैकी करने के लिए लडकी का इस्तेमाल करते हैं।व्यापारियों की आर्थिक स्थिति की रैकी कर षडयन्त्रपूर्वक अपहरण कर मारपीट कर फिरौती वसूलते हैं। आरोपी फिरौती की रकम नहीं देने पर महिला के साथ व्यापारी का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर डर पैदा करके उगाही करते हैं। बदनामी के डर से व्यापारी इनके जाल में फंस जाते हैं। गिरफ्तार महिला एक कॉल गर्ल है। जो आरोपियों के इशारे पर व्यापारियों और पैसे वाले लोगों को शिकार बनाती है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम और पता...
- विकास चौधरी पुत्र छीतरमल चौधरी उम्र 27 साल निवासी गांव नथमलपुरा पोस्ट, मांदी तहसील, थाना फागी, जयपुर ग्रामीण।
- दुर्गेश्वर राय पुत्र उमेश चन्द राय उम्र 19 साल, जाति पण्डित निवासी सी 5/24 द्वितीय फ्लोर रोहिनी सैक्टर 16, थाना के.एन. काटजू मार्ग, दिल्ली।
- सोनाली परेश राठौड़, पत्नी परेश राठौड़, उम्र 20 साल, गुजराती, पता मकान नम्बर 62 गोविन्द नगर, सीजीएस कॉलोनी के पास, मुम्बई, महाराष्ट्र।
घटना का पर्दाफाश करने में इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका...
टेक्निकल एनालिसिस और आरोपियों की पहचान करने में प्रेमचन्द एएसआई का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आरोपियों को डिटेन करने में कान सिंह हेड कांस्टेबल संख्या 2172, भंवरलाल कांस्टेबल संख्या 9969 और रामावतार कांस्टेबल संख्या 10019 का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस की ये टीम गठित की गई....
- श्याम प्रकाश, एसआई।
- प्रेमचन्द एएसआई।
- हंसराम, हेड कांस्टेबल 2035 डीएसटी जयपुर दक्षिण।
- रामधन, हेड कांस्टेबल 1117
- कान सिंह, हेड कांस्टेबल 2172
- रामलाल, कांस्टेबल 9271
- रामजीलाल, कांस्टेबल 9788
- अंबरलाल, कांस्टेबल 9969