घायल बच्चा उज्ज्वल चौधरी अस्पताल में भर्ती है
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के जयपुर में ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’ वाली कहावत एक बार फिर चरितार्थ हुई हैं। यहां चार साल के एक मासूम को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, लेकिन फिर भी मौत के मुंह से बचकर वह बाहर आ गया। यह हादसा CCTV कैमरे में कैद हो चुका है, जिसकी फुटेज देखकर हर कोई दंग है। वहीं, बच्चे के हौसले के आगे मौत भी जंग हार गई।
दरअसल, घटना जयपुर के मानसरोवर स्थित रवि मार्ग की है, जहां बीते छह अप्रैल की देर शाम चार वर्षीय उज्ज्वल चौधरी घर के बाहर खेल रहा था। तभी तेज रफ्तार लग्जरी कार उसे रौंदते हुए चली गई। हादसे के तुरंत बाद पड़ोसी महिलाओं ने सड़क पर अचेत पड़े बच्चे को संभाला और कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। इसके बाद उज्ज्वल को अचेतावस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी हैं। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के चेस्ट और कॉलर बोन में फैक्चर है। साथ ही लीवर में सूजन है।
इधर, उज्ज्वल के पिता एडवोकेट वैभव चौधरी ने कहा कि बच्चे को उसकी चोट से ज्यादा पुलिस की लचर कार्यप्रणाली ज्यादा दर्द दे रही है, क्योंकि हादसे के तीन दिन बाद भी पुलिस ने लापरवाह कार चालक को अभी तक नहीं पकड़ा है। जबकि CCTV में कार के नंबर साफ नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, पुलिस में रिपोर्ट देने के बाद भी कार चालक ने उन्हें धमकी दी है।
वहीं, पुलिस को रंजिश का भी अंदेशा है, जिसके चलते बच्चे को निशाना बनाया गया हो। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रही कार के नंबरों के आधार पर चालक की पहचान की है, जो सांगानेर के अशोक नायक के नाम हैं। लेकिन हादसे के वक्त कार कौन ड्राइव कर रहा था, इसको लेकर पुलिस अभी तक जांच-पड़ताल ही कर रही है।